देव दीपावली: 25 लाख दीपों की आभा से जगमगाएंगे काशी के 84 घाट, 96 कुंड व तालाब; गंगा पार होगी आतिशबाजी

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 05 Nov 2025 03:32 PM
देव दीपावली: 25 लाख दीपों की आभा से जगमगाएंगे काशी के 84 घाट, 96 कुंड व तालाब; गंगा पार होगी आतिशबाजी
ऑडियो सुनें

वाराणसी: काशी के अर्धचंद्राकार घाट, कुंड और तालाब आज दीपों की आभा से जगमगाएंगे। 84 घाट, 96 कुंड और तालाबों पर 25 लाख दीप जगमग होंगे। देव दीपावली पर बुधवार को घाट दीपों की पंक्तियों से सजेंगे। अस्सी से नमो घाट तक आयोजन होंगे और कहीं लेजर शो, ग्रीन आतिशबाजी और रंगोली आकर्षण का केंद्र होगी।

देव दीपावली का शुभारंभ सभी घाटों पर दीप प्रज्ज्वलन से शाम 5:15 से 5:50 बजे तक होगा। इसके बाद प्रमुख घाट नमो घाट, दशाश्वमेध घाट, शीतला घाट और अस्सी घाट पर विशेष गंगा आरती शाम छह बजे से 6:50 बजे तक संपन्न होगी। चेत सिंह घाट पर दर्शकों के लिए तीन चरणों में प्रोजेक्शन व लेजर शो होगा। पहला शो शाम 6:15 से 6:45 बजे, दूसरा 7:15 से 7:45 बजे और तीसरा शो 8:15 से 8:45 बजे तक चलेगा।

ललिता घाट के सामने रेती पर रात आठ बजे से 8:15 बजे तक ग्रीन आतिशबाजी होगी। पूरे आयोजन को लेकर सुरक्षा, सफाई और यातायात की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। घाटों और गलियों को सजाने के लिए पर्यटन विभाग ने नगर निगम से समन्वय स्थापित कर आकर्षक रोशनी की व्यवस्था की है। गंगा तटों पर इस दौरान दीपों की रोशनी और आसमान में रंग-बिरंगी आतिशबाजी का संगम एक अलौकिक दृश्य रचेगा।

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के विजन पर सजेगी दिव्य और हरित काशी

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के मुताबिक देव दीपावली काशी की आत्मा और आस्था का उत्सव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में आज काशी अपने सांस्कृतिक और आध्यात्मिक वैभव के साथ पर्यावरणीय जिम्मेदारी का भी उदाहरण बन रही है। हमारा लक्ष्य है कि श्रद्धालु इस पावन पर्व पर न केवल दिव्यता का अनुभव करें, बल्कि ‘स्वच्छ, हरित और विश्व स्तर की काशी’ के संदेश को भी महसूस करें।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital