जनता के हित में विकास कार्य होंगे सांय-सांय : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 14 Jul 2024 10:47 PM
जनता के हित में विकास कार्य होंगे सांय-सांय : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
ऑडियो सुनें

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के दुलदुला विकासखंड मुख्यालय में आयोजित मतदाता अभिनन्दन समारोह में शामिल हुए. उन्होंने विधानसभा चुनाव में जीत के लिए कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदाताओं, नागरिकों का आभार जताया. उन्होंने सभी को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि आपके क्षेत्र का बेटा मुख्यमंत्री है और जनहित में जो भी कार्य हैं किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब सभी विकास कार्य सांय-सांय होंगे. आप लोगों के विधायक को प्रदेश के नेतृत्व का जिम्मा मिला है.

लोकसभा में आपने मोदी को गारंटी पर भरोसा जताया और छत्तीसगढ़ से 10 सीट में जीत मिली. अभी 7 महीने ही सरकार बने हुए हैं. हमारी सरकार ने 18 लाख आवास स्वीकृत करने का निर्णय लिया है. 70 लाख से अधिक महिलाओं के खाते में महतारी वंदन योजना के तहत हर माह 1 हजार राशि दी जा रही है. तेंदूपत्ता संग्राहकों का पारिश्रमिक 4000 रूपए से बढ़ाकर 5500 रूपए कर दिया गया है. रामलला दर्शन योजना से प्रभु राम के दर्शन का लाभ प्रदेशवासियों को मिल रहा.

मुख्यमंत्री साय ने दुलदुला में व्यवस्थित सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 1 करोड़ रूपए की घोषणा की. उन्होंने दुलदुला में बस स्टैंड, मिनी इंडोर स्टेडियम, हायर सेकंडरी स्कूल के भवन और दुर्गा पंडाल के लिए 10 लाख रूपए की मंजूरी की घोषणा की. इसी प्रकार मुख्यमंत्री ने सोकोड़ीपा में यादव समाज के भवन में बाउंड्रीवाल के निर्माण के लिए 15 लाख रूपए, शारदा धाम के लिए जमीन, एंबुलेंस और शव वाहन की घोषणा की.

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. प्रशासन में पारदर्शिता लाने के लिए काम हो रहा है. बीते दिनों मितानिनों के लिए राशि जारी की है. सरकार हर वर्ग को ध्यान में रख काम कर रही है. विधायक जशपुर रायमुनी भगत ने कहा कि आप सभी की मेहनत से कुनकुरी में आपने न सिर्फ विधायक बनाया बल्कि एक मुख्यमंत्री बनने का गौरव भी हासिल हुआ है. आपकी मेहनत से पत्थलगांव और जशपुर में जीत हुई. आप सभी का अभिनंदन.

पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने कहा कि हम सभी कुनकुरी के मतदाताओं के आभारी हैं. कुनकुरी से विधायक बन कर आए विष्णुदेव साय के हाथ में ही प्रदेश का नेतृत्व है. यह हम सबके लिए गर्व की बात है. आगे भी आप लोगों का ऐसा ही आशीर्वाद हम सभी को मिलता रहेगा ऐसी आशा करते हैं.

रायगढ़ के सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि आपके आशीर्वाद से सिर्फ छत्तीसगढ़ ही नही पूरे भारत में हमारी सरकार बनी है. खुशी की बात है आप सभी के स्वागत अभिनंदन का मौका मिला है. आप सभी की मेहनत परिश्रम से हम आगे के सभी चुनावों में भी जीत हासिल करेंगे. कार्यक्रम में सुनील गुप्ता ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu