धमतरी: धान चोरी के आरोप में युवक की पीट पीटकर हत्या, तीन महिलाओं समेत 13 गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 25 Dec 2024 07:02 PM
धमतरी: धान चोरी के आरोप में युवक की पीट पीटकर हत्या, तीन महिलाओं समेत 13 गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

धमतरी. छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में धान चुराने के आरोप में ग्रामीणों ने एक युवक को पीट पीटकर मार डाला और पांच अन्य को घायल कर दिया. पुलिस ने इस संबंध में तीन महिलाओं समेत 13 लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के सिरसिदा गांव में ग्रामीणों ने धान चोरी के आरोप में कार्तिक पटेल (19) की पीट पीटकर हत्या कर दी तथा ओंकार साहू, संजय साहू, देवेंद्र साहू, धनेश्वर निषाद और एक अन्य को घायल कर दिया. उन्होंने बताया कि 22 दिसंबर की रात में कुछ ग्रामीणों ने गांव के भीखम साहू के घर से तीन बोरी धान चुराने के आरोप में ओंकार साहू को पकड़ लिया और उससे पूछताछ की. उन्होंने बताया कि जब ओंकार ने बताया कि उसके साथ कार्तिक पटेल और अन्य युवक भी थे तब लाठी-डंडे से लैस ग्रामीण वहां पहुंचे और युवकों को घर से बाहर निकालकर उनकी पिटायी शुरू कर दी.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीणों ने युवकों को 22 दिसंबर की रात से 23 दिसंबर की सुबह तक लाठी डंडे से पीटा. उन्होंने बताया कि इस घटना में कार्तिक को गंभीर चोट लगी थी. उन्होंने बताया कि बाद में हमलावर ग्रामीणों ने उसे पुलिस में रिपोर्ट दर्ज नहीं करने की चेतावनी दी और उसे उसके परिजनों के हवाले कर दिया.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब 23 दिसंबर की सुबह कार्तिक के परिजनों ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया तब चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. उन्होंने बताया कि बाद में कार्तिक के पिता ने पुलिस में मामला दर्ज कराया. उन्होंने बताया कि कार्तिक के पिता की शिकायत पर पुलिस ने गांव की तीन महिलाओं समेत 13 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीणों को गिरफ्तार करने के बाद उन्हें स्थानीय अदालत में पेश किया गया था, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu