भारत में चुनाव के दौरान राजनीतिक फायदे के लिए पाकिस्तान को न घसीटें : पाक विदेश कार्यालय

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 26 Apr 2024 08:20 PM
भारत में चुनाव के दौरान राजनीतिक फायदे के लिए पाकिस्तान को न घसीटें : पाक विदेश कार्यालय
ऑडियो सुनें

इस्लामाबाद. पाकिस्तान ने शुक्रवार को भारतीय नेताओं से आग्रह किया कि वे चुनाव के दौरान राजनीतिक फायदे के लिए अपने भाषणों में उसे न घसीटें. विदेश कार्यालय की प्रवक्ता मुमताज जहरा बलोच ने यहां आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि उनका देश जम्मू-कश्मीर को लेकर भारतीय नेताओं के सभी दावों को खारिज करता है.

उन्होंने कहा, ”भारतीय नेता चुनावी कारणों से भारत के लोकलुभावन सार्वजनिक विमर्श में पाकिस्तान को घसीटने की अपनी प्रवृत्ति बंद करें.” बलोच ने कहा, ”हम जम्मू-कश्मीर पर अनुचित दावे करने वाले भारतीय नेताओं के भड़काऊ बयानों में चिंताजनक रूप से वृद्धि देख रहे हैं. पाकिस्तान इन दावों को खारिज करता है. अति-राष्ट्रवाद से प्रेरित, यह भड़काऊ बयानबाजी क्षेत्रीय शांति और संवेदनशीलता के लिए गंभीर खतरा पैदा करती है.”

उन्होंने दावा किया कि भारतीय दावे ऐतिहासिक और कानूनी तथ्यों के विपरीत हैं. बलोच ने कहा, ”ऐतिहासिक और कानूनी तथ्यों के साथ-साथ जमीनी हकीकत भी जम्मू-कश्मीर पर भारत के निराधार दावों को खारिज करती है.” भारत भी कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान के बयानों को खारिज करता रहा है. भारतीय विदेश मंत्रालय ने बार-बार कहा है कि ”केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर तथा केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख भारत के अभिन्न और अविभाज्य अंग हैं तथा हमेशा रहेंगे. किसी अन्य देश को इस पर टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu