डोटासरा ने नेता प्रतिपक्ष पर निशाना साधा, कहा: राठौड़ की बुढ़ापे में हुई ‘राजनीतिक शादी’

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 19 Apr 2023 07:56 PM
डोटासरा ने नेता प्रतिपक्ष पर निशाना साधा, कहा: राठौड़ की बुढ़ापे में हुई ‘राजनीतिक शादी’
ऑडियो सुनें

जयपुर. कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी ‘बुढ़ापे में आठ महीने के लिए ‘राजनीतिक शादी’ हुई है.’ इसके साथ ही डोटासरा ने भाजपा की जन आक्रोश सभाओं को बिलकुल विफल करार दिया और कहा कि इनमें लोग ही नहीं आ रहे.

डोटासरा ने यहां संवाददाताओं से कहा, ”राजेंद्र राठौड़ जी इस अहंकार में घूम रहे हैं कि वह नेता प्रतिपक्ष बन गये हैं, तो जैसे कोई खुदा बन गये हैं . आठ महीने के लिए … बुढ़ापे में राजनीतिक शादी हुई है.’ उल्लेखनीय है कि राठौड़ को हाल ही में भाजपा का नेता प्रतिपक्ष चुना गया जबकि राज्­य में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं.

राठौड़ पर कटाक्ष करते हुए डोटासरा ने आगे कहा, ‘सात बार विधानसभा चुनाव जीतने के बाद न प्रदेश अध्यक्ष बनता है, न मुख्­यमंत्री बनता है न नेता प्रतिपक्ष बनता है तो ऐसे आदमी का जनाधार सबको पता रहता है. वह महत्वाकांक्षी व्­यक्ति हैं …बेवजह लोगों को निशाना बनाते हैं और यही काम उनके लोग करते हैं.’ उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य में कांग्रेस सरकार के खिलाफ जन आक्रोश महासभा और महा घेराव आयोज­ति कर रही है, जिसमें 100-200 लोग ही आ रहे हैं.

डोटासरा ने कहा, ‘100, 150 व 200 लोग आ रहे हैं. इनकी ये आक्रोश यात्रा बिलकुल विफल है. आपस में इनकी कलह है, और आप देखना कि यह कलह जल्­द से जल्­द सामने आ जाएगी.’ प्रदेश काग्रेस अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता एक बार फिर कांग्रेस को मौका देगी.

राज्­य में 24 अप्रैल से शुरू हो रहे महंगाई राहत कैंप से चुनावी फायदे के बारे में पूछे जाने पर डोटासरा ने कहा,’जनता की सेवा कर रहे हैं. जनता वोट देती है. जनता को लाभ मिलेगा, महंगाई से राहत मिलेगी तो जनता हमारी सरकार ‘रिपीट’ करेगी.’ उन्­होंने कहा, ‘जनता जो चाहती है वह हम कर रहे हैं, वोट जनता के हाथ में और हमें पूरी उम्­मीद है कि जनता हमको वोट देगी और 2023 में दुबारा सत्­ता में आएंगे.’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu