एक जैसे नाम होने से नीमका जेल से जमानत वाले कैदी की जगह कुकर्म का आरोपी रिहा

Author: navabharat digital
UPDATED: Fri, 30 May 2025 02:05 PM
एक जैसे नाम होने से नीमका जेल से जमानत वाले कैदी की जगह कुकर्म का आरोपी रिहा
ऑडियो सुनें

फरीदाबाद: हरियाणा में फरीदाबाद की नीमका जेल में दो कैदियों के नाम और उनके पिता के नाम एक जैसे होने के कारण, नौ वर्षीय बच्चे से कई बार कुकर्म करने के आरोपी को जमानत पर रिहा कर दिया गया, जबकि रिहाई मार-पीट के आरोपी की होनी थी।

नितेश पांडेय (27), पुत्र रवींद्र पांडेय, को अक्टूबर 2021 में नौ वर्षीय बच्चे से कई बार कुकर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। वहीं, दूसरे नितेश (24), पुत्र रवींद्र, को गत रविवार को घर में घुसकर मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

सोमवार को अदालत ने दूसरे नितेश को जमानत दी थी, लेकिन मंगलवार को रिहाई उस नितेश पांडेय की हुई जो बच्चे से कुकर्म करने का आरोपी है। दोनों ही नितेश का एक ही जेल में बंद होना भी संभवत: जेल प्रशासन को गफ़लत में डालने की वजह बना।

सदर पुलिस थाने के प्रभारी उमेश कुमार ने आश्वासन दिया कि बलात्कार के आरोपी नितेश की तलाश जारी है और उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। घर में घुस कर मार-पीट करने के आरोपी नितेश को सोमवार को फरीदाबाद अदालत के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने जमानत दी।

दोनों ही आरोपियों का नाम नितेश है लेकिन उपनाम इनमे से केवल एक ही लिखता है। मार-पीट करने के आरोपी नितेश की जगह बच्चे से कुकर्म करने के आरोपी नितेश पांडेय को रिहा कर दिया गया। जेल प्रशासन का यह भी दावा है कि नितेश पांडेय ने रिहाई के लिए अपनी पहचान छिपाई। जेल के उपाधीक्षक विक्रम ंिसह ने कहा ‘‘हमने सदर पुलिस थाने में नितेश पांडेय के खिलाफ पहचान छिपा कर रिहा होने के आरोप में एक शिकायत दर्ज की है।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital