ईडी ने सट्टेबाजी मामले में युवराज सिंह, सोनू सूद व अन्य की संपत्तियां कुर्क कीं

नयी दिल्ली. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को कहा कि उसने पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह और रॉबिन उथप्पा के साथ ही तृणमूल कांग्रेस की पूर्व सांसद मिमी चक्रवर्ती और अभिनेता सोनू सूद की संपत्तियों को एक ‘अवैध’ सट्टेबाजी ऐप से जुड़े धनशोधन मामले में कुर्क किया है, जिनकी अनुमानित कीमत आठ करोड़ रुपये है.

केंद्रीय जांच एजेंसी द्वारा धनशोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत अंतरिम आदेश जारी करने के बाद अभिनेत्री नेहा शर्मा, मॉडल एवं अभिनेत्री उर्वशी रौतेला की मां और बांग्ला अभिनेता अंकुश हाजरा की संपत्तियों को भी कुर्क किया गया है. एजेंसी ने एक बयान में कहा कि पीएमएलए के प्रावधानों के तहत जारी किए गए इस नए अंतरिम कुर्की आदेश के अंतर्गत जब्त संपत्तियों का कुल मूल्य 7.93 करोड़ रुपये है.

सूत्रों ने बताया कि कुर्क की गई संपत्तियों में सूद की लगभग एक करोड़ रुपये की, चक्रवर्ती की 59 लाख रुपये की, युवराज सिंह की 2.5 करोड़ रुपये की, शर्मा की 1.26 करोड़ रुपये की, उथप्पा की 8.26 लाख रुपये की, हाजरा की 47 लाख रुपये की और रौतेला की मां की 2.02 करोड़ रुपये की संपत्तियां शामिल हैं.

इन सभी लोगों से अतीत में ईडी ने पूछताछ की थी और इन संपत्तियों को कुराकाओ द्वीपीय देश में पंजीकृत कथित अवैध सट्टेबाजी ऐप की ”अपराध से प्राप्त आय” के रूप में वर्गीकृत किया गया है. ईडी ने कुछ समय पहले इस जांच के तहत पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन और सुरेश रैना की 11.14 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की थी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button