ईडी ने कोलकाता के रियल एस्टेट समूह के खिलाफ पीएमएलए मामले में फिर छापे मारे

कोलकाता: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कोलकाता स्थित रियल एस्टेट कंपनी र्मिलन समूह और उससे जुड़ी कुछ इकाइयों के खिलाफ जारी धन शोधन जांच के तहत शुक्रवार को फिर से छापे मारे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी ने इससे पहले भी आठ अप्रैल को समूह (र्मिलन प्रोजेक्ट्स लिमिटेड) और उसके प्रवर्तकों सुशील मोहता एवं साकेत मोहता से जुड़े परिसरों में छापेमारी की थी।

अधिकारियों ने बताया कि मामले में शामिल कुछ इकाइयों के कोलकाता और उत्तर 24 परगना जिले में स्थित करीब चार-पांच परिसरों पर धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत शुक्रवार को छापे मारे जा रहे हैं। यह कार्रवाई ऐसे समय की गई है जब पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए दो चरण में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा।

र्मिलन समूह ने इससे पहले एक बयान में कहा था कि वह निदेशालय के साथ सहयोग कर रहा है और उसके सभी लेन-देन पारदर्शी हैं। निदेशालय के अधिकारियों ने कहा था कि एजेंसी कंपनी और पश्चिम बंगाल सरकार के कुछ नेताओं एवं अधिकारियों के बीच कथित वित्तीय संबंधों की जांच कर रही है।

प्रवर्तक और कंपनी संघीय जांच एजेंसी की जांच के दायरे में हैं और उन पर ”जाली” दस्तावेजों का इस्तेमाल कर ”झूठा” स्वामित्व रिकॉर्ड बनाने एवं भूमि हड़पने के आरोप हैं। ईडी ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने कथित तौर पर हथियाई गई जमीन का व्यावसायिक ”इस्तेमाल” करते हुए ”बड़े पैमाने पर” रियल एस्टेट परियोजनाएं शुरू कीं।

एजेंसी के अनुसार आरोपियों ने ”जाली” दस्तावेजों का इस्तेमाल कर खुद को वैध मालिक बताया तथा लोगों को अपनी रियल एस्टेट परियोजनाओं में बड़ी रकम निवेश करने के लिए फुसलाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button