ईडी ने संजय भंडारी से जुड़े धनशोधन मामले में वाद्रा को नया समन जारी किया

नयी दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ब्रिटेन में रह रहे हथियार सलाहकार संजय भंडारी से जुड़े धनशोधन मामले में पूछताछ के लिए कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा के पति रॉबर्ट वाद्रा को नया समन जारी किया है। आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों ने बताया कि वाद्रा को इस मामले में बयान दर्ज कराने के लिए 17 जून को संघीय जांच एजेंसी के समक्ष पेश होने को कहा गया है। इस मामले की जांच धनशोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत की जा रही है।
वाद्रा (56) को इस मामले में 10 जून को पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन वह यह कहकर पेश नहीं हुए थे कि नौ जून को उनमें फ्लू जैसे लक्षण थे और उन्होंने प्रोटोकॉल के अनुसार कोविड जांच कराई थी।

उनके वकील ने तब कहा था कि वाद्रा का समन को नजरअंदाज करने का कोई इरादा नहीं है और वह इस महीने के अंत में विदेश यात्रा से पहले या बाद में कभी भी ईडी के समक्ष पेश होने के लिए तैयार हैं। ऐसा माना जा रहा है कि एजेंसी ने वाद्रा को पीएमएलए के तहत बयान दर्ज करने के लिए बुलाया है, जिसके बाद मामले में आरोप-पत्र दाखिल किया जाएगा।

ईडी ने हरियाणा में 2008 के एक भूमि सौदे में कथित अनियमितताओं से जुड़े एक अलग धनशोधन मामले में अप्रैल में लगातार तीन दिन तक वाद्रा से पूछताछ की थी। ईडी द्वारा धनशोधन के तीन मामलों में उनकी जांच की जा रही है।

वर्ष 2016 में आयकर विभाग द्वारा दिल्ली में छापेमारी के तुरंत बाद भंडारी (63) लंदन भाग गया था। ब्रिटेन की एक अदालत ने इस महीने की शुरूआत में भारत सरकार द्वारा प्रत्यर्पण मामले में भंडारी को बरी किए जाने के खिलाफ ब्रिटेन के उच्चतम न्यायालय में अपील करने की अनुमति मांगने के लिए दायर आवेदन को अस्वीकार कर दिया था। इस प्रकार कानून का सामना करने के लिए उसे देश में लाए जाने की संभावना लगभग समाप्त हो गई।

ईडी ने इस मामले में 2023 में आरोप-पत्र दाखिल किया था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि भंडारी ने 2009 में लंदन में 12, ब्रायनस्टन स्क्वायर स्थित घर खरीदा था और ‘‘रॉबर्ट वाद्रा के निर्देशानुसार इसका नवीनीकरण कराया था। वाद्रा ने ही नवीनीकरण के लिए धन मुहैया कराया था’’।

वाद्रा ने इस बात से इनकार किया है कि उनके पास प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से लंदन में कोई संपत्ति है। आरोपों को ‘‘राजनीतिक षड्यंत्र’’ करार देते हुए वाद्रा ने कहा कि राजनीतिक उद्देश्यों की पूर्ति के लिए उन्हें ‘‘परेशान’’ किया जा रहा है।

ईडी राजस्थान के बीकानेर में एक भूमि सौदे में कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े एक अलग धनशोधन मामले में भी वाद्रा की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button