ईडी ने जेट संस्थापक नरेश गोयल, अन्य की 538 करोड़ रुपये कीमत की संपत्तियां जब्त कीं

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 01 Nov 2023 07:49 PM
ईडी ने जेट संस्थापक नरेश गोयल, अन्य की 538 करोड़ रुपये कीमत की संपत्तियां जब्त कीं
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रवर्तन निदेशालय ने बुधवार को कहा कि कथित बैंक ऋण धोखाधड़ी से जुड़ी धन शोधन जांच के तहत जेट एयरवेज के संस्थापक नरेश गोयल, उनके परिजनों और कंपनियों की लंदन, दुबई और भारत में करीब 538 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की गई हैं. कुर्क की गई संपत्तियों में 17 फ्लैट, बंगले और वाणिज्यिक परिसर शामिल हैं.

संघीय एजेंसी ने एक बयान में कहा कि लंदन, दुबई और भारत के विभिन्न शहरों में स्थित ये संपत्तियां जेट एयर प्राइवेट लिमिटेड और जेट एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड जैसी विभिन्न कंपनियों, गोयल, उनकी पत्नी अनीता और बेटे निवान के नाम पर हैं.  ईडी ने कहा कि कुर्क की कई संपत्तियों की कुल कीमत 538.05 करोड़ रुपये है.

ईडी ने गोयल (74) को एक सितंबर को गिरफ्तार किया था और एजेंसी ने मंगलवार को मुंबई में विशेष धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) अदालत के समक्ष उनके खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था. वह मुंबई की आर्थर रोड जेल में बंद हैं.जेट एयरवेज ने नकदी संकट के बाद अप्रैल 2019 में अपना परिचालन बंद कर दिया था. बाद में, गोयल ने एयरलाइन के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया.

गोयल के खिलाफ धन शोधन का मामला केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की प्राथमिकी से संबंधित है, जो मुंबई के एक बैंक की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया था. ईडी के मुताबिक, बैंक ने जेट एयरवेज लिमिटेड, इसके प्रवर्तकों और निदेशकों पर बैंकों से लिए गए 538.62 करोड़ रुपये के ऋण मामले में धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu