शिक्षा भारत और अमेरिका के बीच एक आधारशिला है : जिल बाइडन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 22 Jun 2023 07:57 PM
शिक्षा भारत और अमेरिका के बीच एक आधारशिला है : जिल बाइडन
ऑडियो सुनें

वाशिंगटन. अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन की पत्नी एवं देश की प्रथम महिला जिल बाइडन ने कहा भारत और अमेरिका के बीच शिक्षा एक आधारशिला है. साथ ही, उन्होंने सभी भारतीयों, विशेष रूप से लड़कियों को शिक्षा का अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सराहना की है. जिल ने बुधवार को ये टिप्पणियां कीं, जब उन्होंने और मोदी ने नेशनल साइंस फाउंडेशन (एनएसएफ) द्वारा आयोजित ‘स्किलिंग फॉर फ्यूचर इवेंट’ में भाग लिया. एनएसएफ का नेतृत्व भारतीय-अमेरिकी डॉ सेतुरमन पंचनाथन कर रहे हैं.

जिल ने एक बयान में कहा, ”प्रधानमंत्री (मोदी), मैं जानती हूं कि शिक्षा उसी तरह से आपके दिल के करीब है जैसे कि यह (शिक्षा) मेरे करीब है. आपने सभी भारतीयों-खासतौर पर लड़कियों के लिए-शिक्षा व कौशल सुनिश्चित किया है, क्योंकि हमारे आधुनिक कार्यबल के लिए उनकी जरूरत है.” उन्होंने कहा, ”…यदि हम अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना चाहते हैं तो हमें बच्चों में निवेश करने की जरूरत है जो हमारे भविष्य हैं. हमें यह सुनिश्चित करने की जरूरत है कि उन्हें वे अवसर उपलब्ध हों, जिनके वे हकदार हैं.” राष्ट्रपति जो बाइडन और प्रथम महिला जिल बाइडन के निमंत्रण पर मोदी 21-23 जून तक अमेरिका की राजकीय यात्रा पर हैं.

जिल ने कहा, ”शिक्षा, भारत और अमेरिका के बीच एक आधारशिला है–जिसे हम इस यात्रा के साथ मजबूत करने की उम्मीद कर रहे हैं. हमारे विश्वविद्यालय एक दूसरे के साथ साझेदारी कर रहे हैं और शोध कर रहे हैं. और, जैसा कि हमने यहां देखा है कि, दोनों देशों के छात्र…एक बेहतर विश्व का निर्माण कर रहे हैं. साथ मिलकर काम कर हम हर किसी के लिए एक सुरक्षित, स्वास्थ्यकर, अधिक समृद्ध भविष्य का निर्माण कर सकते हैं.” प्रथम महिला रहने के दौरान जिल नार्दन वर्जीनिया कम्युनिटी कॉलेज में अंग्रेजी का अध्यापन भी जारी रखी हुई हैं, जहां वह 2009 से प्रोफेसर हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu