उत्तर प्रदेश में धूमधाम से मनाई गई ईद-उल-अजहा

Author: navabharat digital
UPDATED: Sat, 07 Jun 2025 02:54 PM
उत्तर प्रदेश में धूमधाम से मनाई गई ईद-उल-अजहा
ऑडियो सुनें

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में शनिवार को ईद-उल-अजहा धूमधाम से मनाई गई और लोगों ने कड़ी सुरक्षा के बीच ईदगाहों में नमाज अदा की। राज्य की राजधानी लखनऊ में शाही इमाम मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली की अगुवाई में ईदगाह में ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की गई जिसके बाद देश की सीमाओं पर तैनात जवानों की सुरक्षा की दुआ की गई।

एक वीडियो संदेश में मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने शनिवार को कहा, ह्लपूरे देश में एक बहुत अच्छे माहौल में बकरीद मनाई जा रही है। साथ ही इस्लामिक सेंटर आॅफ इंडिया द्वारा जारी यह सलाह भी मानने की अपील की गई है कि केवल उन्हीं पशुओं की कुर्बानी दें जिन पर प्रतिबंध नहीं है। कुर्बानी निर्धारित स्थानों पर ही होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि कुर्बानी के बाद पशु का खून नालियों में नहीं बहाया जाना चाहिए और नगर निगम द्वारा की गई व्यवस्था के मुताबिक ही अपशिष्ट का निस्तारण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘नमाज के बाद देश के विकास और रक्षा के साथ ही सीमाओं पर तैनात सैनिकों की सुरक्षा की दुआ करनी चाहिए।’’

ईद-उल-अजहा के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने पूरे प्रदेश में इस त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जाना सुनिश्चित करने के लिए बृहस्पतिवार को निर्देश जारी किए थे। संभल जिले में ईद-उल-अजहा की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से अदा की गई। जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया ने ईदगाह पर संवाददाताओं को बताया, हमने ईद-उल-अजहा के लिए शांति समिति की बैठक की थी। हर किसी ने सार्वजनिक स्थल पर कुर्बानी नहीं करने की सहमति जताई थी। हमने तीन स्तरीय सुरक्षा प्रणाली स्थापित की है।

उन्होंने बताया, ‘‘सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई है। हमने मौलाना, मुफ्ती और मस्जिद के प्रतिनिधियों से बात की। हर किसी ने परंपरागत ढंग से चीजें करने और कोई नयी परंपरा शुरू नहीं करने की सहमति दी। सभी स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है और कुर्बानी के लिए 19 स्थान निर्धारित किए गए हैं।’’

मौलाना जाहिरुल इस्लाम ने संभल में ईदगाह में नमाज पढ़ी। उन्होंने कहा कि नमाज शांतिपूर्ण ढंग से अदा की गई और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे।

वहीं, बरेली नगर और ग्रामीण इलाकों में भी ईद-उल-अजहा हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। ईद की नमाज के बाद लोग एक दूसरे से गले मिले और मुबारकबाद दी। सुबह से ही सभी छोटी-बड़ी मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ रही।
अमेठी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 367 मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा की गई। जिला प्रशासन ने अलग अलग इलाकों में नमाज के लिए समय तय किए थे ताकि शांतिपूर्ण ढंग से नमाज अदा की जा सके।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने कहा कि लोग भारी हर्षोल्लास के साथ यह त्योहार मना रहे हैं और जिले में विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में शांतिपूर्ण ढंग से नमाज अदा की गई।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital