अस्सी प्रतिशत भारतीयों की प्रधानमंत्री मोदी को लेकर अनुकूल राय: पीयू सर्वेक्षण

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 30 Aug 2023 08:40 PM
अस्सी प्रतिशत भारतीयों की प्रधानमंत्री मोदी को लेकर अनुकूल राय: पीयू सर्वेक्षण
ऑडियो सुनें

वाशिंगटन. पीयू रिसर्च सेंटर के एक सर्वेक्षण के अनुसार करीब 80 प्रतिशत भारतीयों की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर अनुकूल राय है और इसमें शामिल किये गए प्रत्येक 10 में से सात भारतीय का मानना कि उनका देश हाल के समय में अधिक प्रभावशाली हो गया है.

जी20 शिखर सम्मेलन से पहले जारी सर्वेक्षण की रिपोर्ट में कहा गया है कि पूरी दुनिया में भारत के बारे में लोगों की राय आमतौर पर सकारात्मक है, और औसतन 46 प्रतिशत लोगों ने देश के बारे में अनुकूल राय व्यक्त की, वहीं 34 प्रतिशत के विचार प्रतिकूल थे. 16 प्रतिशत लोगों ने कोई राय ही नहीं प्रकट की. रिपोर्ट के अनुसार इजराइल में भारत को लेकर ज्यादातर सकारात्मक राय है, जहां 71 प्रतिशत लोगों ने कहा कि उनकी राय भारत को लेकर अच्छी है.

पीयू ने कहा कि यह सर्वेक्षण 20 फरवरी से 22 मई तक किया गया, जिसमें भारत समेत 24 देशों के 30,861 वयस्क प्रतिभागी शामिल हुए. इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर वैश्विक राय और दूसरे देशों के बारे में भारतीयों की राय परखी गयी. मंगलवार को जारी सर्वेक्षण के परिणाम के अनुसार, प्रत्येक 10 में से लगभग आठ भारतीय मोदी के बारे में अनुकूल विचार रखते हैं, जिनमें से अधिकतर (55 प्रतिशत) का दृष्टिकोण ‘बहुत अनुकूल’ है. प्रधानमंत्री के रूप में यह मोदी का दूसरा कार्यकाल है और वह 2024 में भी सरकार बनाने का विश्वास जता रहे हैं.

पीयू सर्वेक्षण में पाया गया कि केवल 20 प्रतिशत भारतीयों ने 2023 में मोदी के बारे में प्रतिकूल राय व्यक्त की. सर्वेक्षण के परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता कायम है. भाजपा के आधिकारिक हैंडल से ‘एक्स’ पर लिखे पोस्ट में कहा गया, ”प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता निश्चित रूप से कायम है. भारत और दुनिया में अधिकांश लोग मानते हैं कि भारत का वैश्विक प्रभाव मजबूत होता जा रहा है.” पार्टी ने कहा कि यह सर्वेक्षण इस बात का प्रमाण है.

इसमें कहा गया, ”भारतीय वयस्कों को यह विश्वास होने की अधिक संभावना है कि भारत की शक्ति बढ़ रही है. दस में से लगभग सात भारतीयों का मानना है कि उनका देश हाल ही में अधिक प्रभावशाली हो गया है. जबकि 2022 में 19 देशों में किए गए पिछले सर्वेक्षण में औसतन केवल 28 प्रतिशत लोगों ने यह बात कही थी.” रिपोर्ट के अनुसार करीब आधे भारतीय (49 प्रतिशत) मानते हैं कि अमेरिका का प्रभाव पिछले कुछ साल में बढ़ा है और 41 प्रतिशत यही बात रूस के बारे में कहते हैं. इस बीच चीन के प्रभाव को लेकर भारतीयों की राय काफी कुछ मिलीजुली है. दिल्ली में 9-10 सितंबर को जी20 सम्मेलन होना है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu