ओडिशा के बरगढ़ जिले में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 23 Feb 2024 07:25 PM
ओडिशा के बरगढ़ जिले में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़
ऑडियो सुनें

भुवनेश्वर/लातेहार. ओडिशा के बरगढ़ जिले में शुक्रवार को सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जिले के पैकमल इलाके के एक जंगल के भीतर गंधमर्दन पहाड़ी पर माओवादियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिलने के बाद राज्य के विशेष अभियान समूह (एसओजी) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने बुधवार को एक संयुक्त अभियान शुरू किया.

उन्होंने बताया, ”बरगढ़ जिले के पैकमल थाना क्षेत्र के अंतर्गत खंडीझारन गांव के समीप एक पहाड़ी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे मुठभेड़ हुई. मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया और एक आईईडी, आठ बैग, कपड़े और खाने का सामान बरामद किया. इलाके में तलाशी अभियान अभी जारी है.” पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी हालात का जायजा लेने के लिए तुरंत इलाके में पहुंचे, जो छत्तीसगढ़ से सटा हुआ है. बौध जिले के नालिकंपा जंगल में बृहस्पतिवार को अभियान के दौरान एक आईईडी में विस्फोट हो गया था, जिसमें एसओजी के कुछ जवान घायल हो गए.

झारखंड के लातेहार में दो माओवादियों ने किया आत्मसर्पण

भाकपा (माओवादी) से अलग होकर गठित हुई झारखंड जन मुक्ति परिषद (जेजेएमपी) के एक स्वयंभू कमांडर सहित दो माओवादियों ने शुक्रवार को लातेहार जिले में सुरक्षा बलों के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि उनकी पहचान जेजेएमपी के स्वयंभू कमांडर मनोहर पढि.या और भाकपा (माओवादी) के क्षेत्रीय कमांडर दीपक कुमार भुइयां उर्फ कुंदन के रूप में हुई है. पढि.या पर 10 लाख रुपये का ईनाम घोषित था.

पुलिस ने बताया कि मनोहर कई अपराधों में कथित तौर पर संलिप्त रहा है जिसमें भाजपा नेता जयवर्द्धन सिंह की हत्या भी शामिल है.
पलामू के पुलिस महानिरीक्षक राजकुमार लकड़ा ने कहा कि दोनों माओवादियों का आत्मसमर्पण लोकसभा चुनावों से पहले सुरक्षा बलों की एक बड़ी उपलब्धि है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu