पूंजी निवेश को प्रोत्साहित करना ‘मोदीनॉमिक्स’ का महत्वपूर्ण पहलू: गडकरी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 23 Jun 2023 08:12 PM
पूंजी निवेश को प्रोत्साहित करना ‘मोदीनॉमिक्स’ का महत्वपूर्ण पहलू: गडकरी
ऑडियो सुनें

मुंबई. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को कहा कि पूंजी निवेश को प्रोत्साहित करना ‘मोदीनॉमिक्स’ का एक महत्वपूर्ण पहलू है. उन्होंने कहा कि इससे न केवल धन सृजन होता है, बल्कि लोगों को रोजगार भी मिलता है. सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री ने यहां नरेंद्र मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कहा, ”कांग्रेस के 60 साल के शासनकाल में पूंजीपतियों के खिलाफ नफरत फैलाई गई. कांग्रेस शासन के दौरान शासन बजट-केंद्रित था.” उन्होंने कहा कि गरीबी उन्मूलन के लिए घरेलू पूंजी निवेश को प्रोत्साहित करना और वृद्धि के लिए विदेशी पूंजी लाना जरूरी है.

वरिष्ठ भाजपा नेता ने दावा किया कि आज 900 करोड़ रुपये के बजट में नौ लाख करोड़ रुपये के काम किए जा रहे हैं, क्योंकि मोदी सरकार पूंजी निवेश को प्रोत्साहित कर रही है. उन्होंने कहा कि पूंजी निवेश से संपत्ति और नौकरियां पैदा होती हैं. गडकरी ने कहा कि मोदी सरकार में विकास और आर्थिक वृद्धि पर ध्यान देने के साथ ही सुशासन के कारण निर्णय लेने की प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध है. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार का लक्ष्य गरीबी और सामाजिक-आर्थिक असमानता को खत्म करना है.

गडकरी ने कहा कि मोदी सरकार की अंत्योदय योजनाओं से समाज के गरीब तबके को फायदा हुआ है. ‘प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना’ से जहां 9.5 करोड़ लोगों को गैस चूल्हा मिला, वहीं पीएम आवास योजना से 3.5 करोड़ नागरिकों को घर मिला. उन्होंने कहा, “49 करोड़ बैंक खाते खोले जा चुके हैं, 37 करोड़ लोग आयुष्मान भारत (स्वास्थ्य योजना) के अंतर्गत लाभान्वित हुए हैं और स्वच्छ भारत कार्यक्रम के अंतर्गत 12 करोड़ शौचालयों का निर्माण किया जा चुका है. इनमें से ज्यादातर योजनाओं से गरीबों को लाभ और सम्मान मिला है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu