पहलगाम हमले में संलिप्त हर आतंकी से चुन-चुन कर इस जघन्य कृत्य का जवाब लिया जाएगा: अमित शाह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 01 May 2025 10:41 PM
पहलगाम हमले में संलिप्त हर आतंकी से चुन-चुन कर इस जघन्य कृत्य का जवाब लिया जाएगा: अमित शाह
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को पहलगाम हमले में संलिप्त हर आतंकवादी को ढूंढ.ने का संकल्प जताया और कहा कि उन सभी से चुन-चुन कर इस जघन्य कृत्य का जवाब लिया जाएगा. शाह ने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार किसी भी आतंकवादी को नहीं बख्शेगी. उन्होंने यहां असम के बोडो समुदाय के प्रमुख नेता उपेंद्र नाथ ब्रह्मा की प्रतिमा का अनावरण और एक सड़क के नामकरण के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में यह बात कही.

गृह मंत्री ने कहा, ”पहलगाम में जिस किसी ने भी यह कायरतापूर्ण हमला किया है, हम किसी को भी नहीं छोड़ेंगे. हम हर दोषी को ढूंढ निकालेंगे.” गृह मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार आतंकवादियों के खिलाफ कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति पर चल रही है और 1990 के दशक से कश्मीर में आतंकवादी गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ मजबूती से लड़ा जा रहा है.

उन्होंने कहा, ”आज वो ये न समझ लें कि हमारे 26 नागरिकों की जान लेकर ये लड़ाई जीत गए हैं… मैं सभी आतंक फैलाने वालों को कहना चाहता हूं कि ये लड़ाई का अंत नहीं है… एक मुकाम है और हर व्यक्ति को चुन-चुन कर जवाब भी मिलेगा और जवाब लिया भी जाएगा.” शाह ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ सरकार की लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक कि यह खतरा पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता.

गृह मंत्री ने कहा, ”नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चाहे पूर्वोत्तर हो, चाहे वामपंथी उग्रवाद का क्षेत्र हो, चाहे कश्मीर पर पड़ी आतंक की छाया हो, हरेक का हमने मजबूती के साथ जवाब दिया.” उन्होंने कहा, ”अगर कोई ये कायराना हमले करके ये समझता है कि हमारी बड़ी जीत है तो ये एक बात साफ तौर से समझ लीजिये, (यह) नरेन्द्र मोदी सरकार है, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा. इस देश की इंच-इंच भूमि पर से आतंकवाद को मूल समेत उखाड़ने का हमारा संकल्प है और ये सिद्ध होकर रहेगा.”

पहलगाम हमले को लेकर शाह ने कहा, ”इस लड़ाई में न केवल 140 करोड़ भारतीय बल्कि पूरी दुनिया भारत के साथ खड़ी है, लामबंद होकर सभी देश आतंकवाद के खिलाफ इस लड़ाई में भारत की जनता के साथ खड़े हैं. जब तक आतंकवाद समाप्त नहीं होगा हमारी लड़ाई जारी रहेगी और जिन लोगों ने ये कृत्य किया है, उसका उचित दंड उन्हें निश्चित रूप से दिया जाएगा.” पहलगाम हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए शाह ने कहा कि पूरा देश उन लोगों का दर्द महसूस कर रहा है जिन्होंने आतंकवादियों की गोलियों से अपने प्रियजनों को खो दिया.

इस कार्यक्रम में असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और बोडोलैंड प्रादेशिक परिषद के मुख्य कार्यकारी सदस्य प्रमोद बोरो सहित अन्य लोग शामिल हुए. दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के लोकप्रिय पर्यटन शहर पहलगाम के पास बैसरन में 22 अप्रैल को आतंकवादियों द्वारा की गई गोलीबारी में 26 लोग मारे गए थे और कई अन्य घायल हो गए थे. इनमें ज्यादातर पर्यटक थे. उपेंद्र नाथ को श्रद्धांजलि देते हुए शाह ने कहा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन असम में बोडो समुदाय की प्रगति के लिए सर्मिपत कर दिया.

उन्होंने कहा, ”यह बेहद खुशी की बात है कि आज उनकी प्रतिमा का अनावरण किया जा रहा है और दिल्ली में उनके सम्मान में एक सड़क का नामकरण किया जा रहा है.” शाह ने कहा कि उपेंद्र नाथ की प्रतिमा देश भर के उन छोटे आदिवासी समुदायों के लिए स्वाभिमान का प्रतीक होगी जो आजादी के इतने सालों बाद भी सम्मान के लिए संघर्ष कर रहे हैं.

नवभारत डिजिटल टॉप स्टोरी

  1. 1 Berlin Dialogue यूरोपीय देशों को आईना दिखाया केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने, बोले- दुनिया की 17 प्रतिशत आबादी हमारी, मगर कार्बन उत्सर्जन में आप हमसे 15 प्रतिशत ज्यादा हैं’ WATCH VIDEO
  2. 2 Today’s news : 4 देशों में भूकंप, 4 राज्यों में विधान परिषद के चुनाव, 4 राज्यों में मूसलाधार बारिश, खेल में भारत को दो नए गोल्ड, जानिए प्रमुख खबरें
  3. 3 23 अक्टूबर 2026 का दैनिक राशिफल: शुक्रवार का दिन माता लक्ष्मी और शुक्र ग्रह की उपासना के लिए खास माना जाता है। जानिए करियर, धन, सेहत और रिश्तों के लिहाज से आपकी राशि के लिए आज का दिन कैसा रहेगा।
  4. 4 Deepak Mittal दवाईयों का ज्यादा डोज कारोबारी की मौत का कारण, दीपक मित्तल की बेटी का आरोप, सोने की चेन और कड़ा गायब, संदिग्ध युवती से पूछताछ जारी

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu