सरकार गिराने के भाजपा विधायक के दावे पर कानूनी विकल्प तलाश रहे हैं : शिवकुमार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 30 Sep 2024 07:49 PM
सरकार गिराने के भाजपा विधायक के दावे पर कानूनी विकल्प तलाश रहे हैं : शिवकुमार
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने सोमवार को कहा कि विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक वरिष्ठ विधायक के इस दावे के मद्देनजर कानूनी विकल्प तलाशे जाएंगे कि उनकी पार्टी के एक ‘बड़े नेता’ ने राज्य की कांग्रेस सरकार को गिराने और मुख्यमंत्री बनने के लिए बड़ी राशि अलग से रखी हुई है.

भाजपा विधायक बसनगौड़ा पाटिल यतनाल ने हालांकि रविवार को यह भी कहा कि उनकी पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व और विधायक ‘इस तरह के किसी भी अभियान और (विधायकों की) खरीद फरोख्त’ के खिलाफ हैं . उन्होंने कहा कि यह सरकार अपने आप ही गिर जायेगी.

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शिवकुमार ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ”मैंने कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस की एक बैठक बुलायी है. ‘उन्होंने’ हमारी सरकार को गिराने के लिये 1200 करोड़ रुपये रखे हैं. इस बारे में हम अपनी कानूनी टीम के साथ चर्चा करेंगे. मैंने इससे पार्टी के अलाकमान को भी अवगत कराया है.” उन्होंने कहा, ”जो भी हो, मामले की जांच आयकर विभाग को करनी होगी. मैंने केपीसीसी में एक बैठक बुलाई है ताकि पता चल सके कि इस मामले में कानून क्या कहता है.” उन्होंने कहा कि गृह मंत्री जी परमेश्वर के साथ उनकी बैठक विजयपुरा विधायक के बयान के बाद कानूनी विकल्पों पर विचार करने के लिए थी.

कुमारस्वामी को राजनीति करने के बजाय नौकरियां सृजित करने पर ध्यान देना चाहिए : शिवकुमार

कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने सोमवार को केंद्रीय मंत्री एच डी कुमारस्वामी से ”अपना पूरा समय और ऊर्जा राजनीतिक क्रियाकलापों में लगाने” के बजाय, राज्य में नौकरियां सृजित करने पर ध्यान देने का अनुरोध किया. आधिकारी के स्तर से सूचना लीक होने के कुमारस्वामी के आरोप पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवकुमार ने कहा कि केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री को ”राजनीति करने के बजाय अपने विभाग का उपयोग करना चाहिए.” प्रदेश कांग्रेस प्रमुख शिवकुमार ने संवाददाताओं से कहा, ”कुमारस्वामी को राज्य में 50 हजार से एक लाख नौकरियां सृजित करने पर ध्यान देना चाहिए. प्रधानमंत्री (नरेन्द्र) मोदी ने उन्हें एक अच्छा विभाग, इस्पात एवं भारी उद्योग दिया है. उन्हें अनावश्यक बयानबाजी करने के बजाय नौकरियां सृजित करने में इसका उपयोग करना चाहिए.”

उन्होंने कहा, ”राजनीति तो हमेशा रहेगी, लेकिन केंद्रीय मंत्री को काम करने पर ध्यान देना चाहिए, हालांकि वह इस अवसर को खो रहे हैं.” अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एसआईटी) और लोकायुक्त एम चंद्रशेखर के खिलाफ कुमारस्वामी के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ”चंद्रशेखर ही इसकी जांच कर रहे हैं और कुमारस्वामी इसकी जांच करवा रहे हैं. मेरा इससे कोई लेना-देना नहीं है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu