
डिब्रूगढ़/गुवाहाटी. असम के प्रसिद्ध गायक, अभिनेता एवं निर्माता जुबीन गर्ग डिब्रूगढ़ के एक रिजॉर्ट में गिर पड़े और बेहोश हो गए जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. गर्ग ने मंगलवार रात को बेचैनी की शिकायत की और जब उनके सहायक उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे तभी वह गिर पड़े और बेहोश हो गए.
गर्ग को एक निजी सुपरस्पेशिलिटि अस्पताल ले जाया गया था जहां उनका एमआरआई स्कैन किया गया. अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टर राणा बरूआ ने बुधवार को बताया कि 52 वर्षीय गर्ग को कोई चोट नहीं लगी है और उन्हें मिरगी का दौरा पड़ा था. बरूआ के मुताबिक, गर्ग की हालत सामान्य है और विभिन्न विभागों के डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है.
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने डिब्रूगढ़ के उपायुक्त को निर्देश दिया है कि वह गायक के लिए अच्छा इलाज सुनिश्चित करें. गर्ग को इमरान हाशमी एवं कंगना रनौत अभिनीत फिल्म ‘गैंगस्टर’ के ‘या अली’ गाने से शौहरत मिली थी. इसके बाद उन्हें कई हिट गाने दिए जिसमें ‘क्रिश3’ फिल्म का ‘दिल तू ही बता’ भी शामिल है.
गायक ने अपनी कई एल्बम भी की हैं जिनमें ‘चांदनी रात’, ‘चंदा’, ‘स्पर्श’ आदि शामिल हैं. उन्होंने कई असमी, बंगाली और हिंदी फिल्मों में संगीत भी दिया है. गर्ग ने कई फिल्मों में अभिनय और निर्देशन भी किया है.



