तेलंगाना में चींटियों के डर से महिला ने आत्महत्या कर ली

हैदराबाद. तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में 25 वर्षीय महिला ने चींटियों के डर के कारण अपने घर में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि यह घटना चार नवंबर को हुई. महिला की शादी 2022 में हुई थी और उसकी करीब तीन साल की बेटी है. वह साड़ी के सहारे पंखे से लटकी हुई मिली. पुलिस के मुताबिक, उन्हें बताया गया है कि महिला बचपन से ही चींटियों से डरती थी और उसकी पहले भी पैतृक शहर मंचेरियल के एक अस्पताल में कांउसलिंग की गई थी.

घटना वाले दिन महिला ने अपनी बेटी को एक रिश्तेदार के घर छोड़ दिया था और कहा था कि वह घर की सफाई करने के बाद उसे ले आएगी. पुलिस ने बताया कि सुबह काम पर गया उसका पति शाम को लौटा तो मुख्य दरवाज़ा अंदर से बंद था. पड़ोसियों की मदद से उन्होंने दरवाज़ा तोड़ा और अंदर आए तो देखा कि उनकी पत्नी फंदे से लटकी हुई है.

घटनास्थल से बरामद एक सुसाइड नोट में लिखा है: “मैं माफी चाहती हूं कि मैं इन चींटियों के साथ नहीं रह सकती. (बेटी) का ख्याल रखना. सावधान रहना.ह्व पुलिस ने कहा, “ऐसा प्रतीत होता है कि सफाई करते समय उसने चींटियां देखी होंगी और डर के कारण उसने यह कदम उठाया होगा.” अमीनपुर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button