एअर इंडिया के चालक दल की महिला सदस्य पर लंदन के एक होटल में हमला

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 18 Aug 2024 08:59 PM
एअर इंडिया के चालक दल की महिला सदस्य पर लंदन के एक होटल में हमला
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/मुंबई. एअर इंडिया के चालक दल की एक महिला सदस्य पर इस सप्ताह की शुरुआत में लंदन के एक होटल में एक घुसपैठिये ने कथित तौर पर हमला कर दिया. सूत्रों के अनुसार, एयरलाइन इस मामले को लेकर स्थानीय पुलिस से बातचीत कर रही है. एअर इंडिया के एक प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि एयरलाइन ”एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय कंपनी द्वारा संचालित एक होटल में घुसपैठ की गैरकानूनी घटना से बहुत व्यथित है, जिससे ­उसके चालक दल की एक सदस्य प्रभावित हुई है.” सूत्रों के मुताबिक, एक बेघर व्यक्ति होटल के उस कमरे में घुस गया, जिसमें चालक दल की महिला सदस्य ठहरी हुई थी और उसने उसके साथ बदसलूकी की.

उन्होंने बताया कि महिला के चिल्लाने पर आसपास के कमरों में ठहरे हुए अन्य लोग वहां पहुंचे और घुसपैठिये को पकड़ लिया.
एक सूत्र ने बताया कि चालक दल की महिला सदस्य का होटल में कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया, जबकि दो अन्य सूत्रों ने दावा किया कि महिला से मारपीट की गई. सूत्रों के अनुसार, यह घटना लंदन के हीथ्रो हवाई अड्डे के पास स्थित एक होटल में हुई. उन्होंने बताया कि पीड़िता भारत लौट आई है और उसकी काउंसिलिंग की जा रही है. इस घटना के बाद एयरलाइन के कर्मचारियों ने सुरक्षा मुद्दों को लेकर कंपनी के आंतरिक संचार मंच पर शिकायत की.

एक सूत्र ने बताया कि इनमें से एक शिकायत में दावा किया गया है कि होटल कर्मचारी रात को उपलब्ध नहीं थे और होटल परिसर में लोगों के आने-जाने पर कोई नियंत्रण नहीं था. एयरलाइन ने बयान में कहा कि वह अपनी कर्मचारी को पेशेवर काउंसिलिंग समेत हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रही है.

बयान के मुताबिक, ”एअर इंडिया मामले को कानूनी रूप से आगे बढ़ाने के लिए स्थानीय पुलिस और होटल प्रबंधन के साथ मिलकर काम कर रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों. हम इस घटना से जुड़े लोगों की निजता का सम्मान करने का अनुरोध करते हैं.” एयरलाइन ने रविवार को एक नए बयान में कहा कि उसने वहां ठहरे अपने सहर्किमयों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए होटल के वर्तमान प्रबंधन से संपर्क किया है.

कंपनी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, “हमें आश्वासन दिया गया है कि जब तक हमारे सहर्किमयों को किसी अन्य होटल में स्थानांतरित नहीं कर दिया जाता, तब तक सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा.” एयरलाइन ने कहा कि “हम भी इस घटना को लेकर उतने ही चिंतित हैं जितने आप सभी हैं” तथा इस घटना पर गहरा दु?ख व्यक्त किया है.

एयरलाइन ने यह भी कहा कि उसने तत्काल कदम उठाए तथा अपने सहर्किमयों को दूसरे होटल में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया.
टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयरलाइन के अनुसार, वह कर्मचारियों की प्रतिक्रिया और आंतरिक समीक्षा के आधार पर प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय होटल श्रृंखलाओं में यात्रा और ठहरने की व्यवस्था की निरंतर समीक्षा करती है. इस बीच टाटा समूह की एयरलाइन एअर इंडिया एक्सप्रेस के चालक दल के सदस्यों के एक वर्ग ने विभिन्न स्थानों और लंबे ठहरावों पर उन्हें प्रदान की जाने वाली आवास व्यवस्था के बारे में चिंता जताई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu