जम्मू कश्मीर में मुठभेड़ की तीन घटनाओं में लश्कर के पांच आतंकवादी ढेर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 12 Jun 2022 09:01 PM
जम्मू कश्मीर में मुठभेड़ की तीन घटनाओं में लश्कर के पांच आतंकवादी ढेर

ऑडियो सुनें

श्रीनगर/जम्मू.  जम्मू कश्मीर में हाल में दो पुलिसर्किमयों की हत्या में शामिल लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) का आतंकवादी आदिल पर्रे रविवार को यहां पुलिस की एक ‘‘छोटी टीम’’ के साथ अचानक हुई मुठभेड़ में मारा गया, जिससे पिछले 24 घंटों में जम्मू कश्मीर में मारे गए आतंकवादियों की संख्या पांच हो गई है.

पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी), कश्मीर विजय कुमार ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘गंदरबल का लश्कर का आतंकवादी आदिल पर्रे, जो जम्मू कश्मीर पुलिस (जेकेपी) के दो र्किमयों संगम में जी. एच. हसन डार और अंचार सौरा में सैफुल्ला कादरी की हत्या में शामिल था, पुलिस की एक छोटी टीम के साथ अचानक हुई मुठभेड़ में मारा गया.’’ मुठभेड़ यहां के क्रिसबल पालपोरा संगम इलाके में हुई. पर्रे की मौत के साथ पिछले 24 घंटों में मारे गए आतंकवादियों की संख्या पांच हो गई है और इस साल अब तक घाटी में मारे गए आतंकवादियों की संख्या 100 हो गई है.

एक आतंकवादी कुलगाम में मारा गया, जबकि दूसरा शनिवार को पुलवामा में मारा गया. रविवार की सुबह पुलवामा मुठभेड़ में दो और आतंकवादी मारे गए जिससे अभियान में मारे गए आतंकवादियों की संख्या तीन हो गई. पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि दक्षिण-कश्मीर स्थित पुलवामा जिले के द्रबगाम गांव में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर शनिवार को इलाके में सुरक्षाबलों ने घेराबंदी एवं तलाश अभियान शुरू किया.

प्रवक्ता के अनुसार, जब सुरक्षाकर्मी आतंकवादियों के संदिग्ध ठिकाने पर पहुंचे तो वहां छिपे आतंकवादियों ने उन पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी, जिसका सुरक्षाबलों ने माकूल जवाब दिया और दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई. उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में लश्कर ए तैयबा के तीन आतंकवादी मारे गए जिनके शव मुठभेड़ स्थल से बरामद कर लिए गए. उनके अनुसार, तीनों की पहचान पुलवामा के गडूरा निवासी जुनैद अहमद शीरगोजरी, पुलवामा के द्रबगाम निवासी नजीर भट और पुलवामा के अराबल निकास निवासी इरफान अहमद मलिक के रूप में हुई है.

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, ये तीनों आतंकवादी पुलिस एवं सुरक्षाबलों पर हमले, आम लोगों के उत्पीड़न समेत कई आतंकी गुनाहों में शामिल समूहों का हिस्सा थे. प्रवक्ता ने बताया कि शीरगोजरी अपने साथी एवं पुलवामा के मोंघामा निवासी आबिद हुसैन के साथ 13 मई को पुलिसकर्मी रियाज अहमद की हत्या में शामिल था. आबिद हुसैन 30 मई को मारा गया था.

उन्होंने कहा, ‘‘ वह (शीरगोजरी) पुलवामा-बडगाम के बाहर चडूरा में ईंट भट्टे पर दो जून को श्रमिकों पर किए गए हमले में भी शामिल था. इस हमले में एक मजदूर की जान चली गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे.’’ प्रवक्ता ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से हथियार, गोला-बारूद आदि चीजें बरामद हुई हैं जिन्हें आगे की जांच के लिए रिकॉर्ड के तौर पर रखा गया है.

पुलिस महानिरीक्षक (कश्मीर) विजय कुमार ने बिना किसी नुकसान के पेशेवर तरीके से आतंकवाद रोधी अभियान चलाने को लेकर सुरक्षाबलों को बधाई दी. इससे पहले आईजीपी ने बताया कि घाटी में इस साल अब तक 99 आतंकवादियों को मार गिराया गया है और पर्रे की मौत के साथ यह संख्या 100 हो गई है.

जम्मू कश्मीर के पुंछ में बारूदी सुरंग विस्फोट में दो सैनिक हुए घायल

जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के समीप बारूदी सुरंग विस्फोट में सेना के दो जवान घायल हो गये. अधिकारियों ने बताया कि जब ये सैनिक बालाकोटे क्षेत्र में जंगल में लगी आग बुझाने में व्यस्त थे, तभी बारूदी सुरंग फट गयी, जो घुसपैठ रोधी अवरोध प्रणाली का हिस्सा थी. उन्होंने बताया कि घायल जवानों को अस्पताल ले जाया गया. उन्होंने कहा कि आग की वजह का तत्काल पता नहीं चल पाया है, लेकिन भीषण गर्मी एवं वर्षा नहीं होने के कारण जम्मू क्षेत्र के जंगलों में आग लगने की घटनाएं कई गुणा बढ़ गयी हैं.

By Yogesh Kumar Sahu