नारायणपुर में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में पांच नक्सली ढेर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 02 Jul 2024 08:56 PM
नारायणपुर में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में पांच नक्सली ढेर
ऑडियो सुनें

नारायणपुर. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में मंगलवार को सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में पांच नक्सली मारे गए. पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि मुठभेड़ अबूझमाड़ में कोहकामेटा थाना क्षेत्र के जंगलों में उस समय हुई जब सुरक्षाबलों का एक संयुक्त दल नक्सल विरोधी अभियान पर था.

नाम नहीं छापने की शर्त पर एक अधिकारी ने बताया, ”कार्रवाई में अब तक पांच नक्सली मारे गए हैं. इलाके में तलाशी अभियान अब भी जारी है और विस्तृत जानकारी का इंतजार है.” उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में सुरक्षार्किमयों के सुरक्षित होने की जानकारी मिली है.
अधिकारी ने बताया कि जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), विशेष कार्य बल (एसटीएफ), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों ने रविवार को यह अभियान शुरू किया था.

इस घटना के साथ ही राज्य में सुरक्षा बलों के साथ अलग-अलग मुठभेड़ों में इस साल अब तक 138 नक्सली मारे जा चुके हैं.
इनमें से 136 माओवादी बस्तर संभाग में मारे गए, जिसमें नारायणपुर समेत सात जिले शामिल हैं. वहीं दो अन्य नक्सलियों को रायपुर संभाग के धमतरी जिले में मार गिराया गया.

पंद्रह जून को नारायणपुर जिले में मुठभेड़ में आठ नक्सली मारे गए थे तथा इस घटना में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) का एक जवान शहीद हो गया था. पांच जून को नारायणपुर में मुठभेड़ में छह नक्सली मारे गए थे जबकि 23 मई को नारायणपुर-बीजापुर सीमा पर मुठभेड़ में सात नक्सलियों को मार गिराया गया था.

इससे पहले 10 मई को बीजापुर में मुठभेड़ में 12 नक्सली मारे गए थे और 30 अप्रैल को नारायणपुर और कांकेर जिलों की सीमा पर मुठभेड़ में तीन महिलाओं समेत 10 नक्सली मारे गए थे. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक 16 अप्रैल को कांकेर जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 29 नक्सली मारे गए थे.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu