डंपर व कार की भिड़ंत में सैनिक व बच्ची सहित पांच लोगों की मौत

Author: navabharat digital
UPDATED: Tue, 11 Feb 2025 01:29 PM
डंपर व कार की भिड़ंत में सैनिक व बच्ची सहित पांच लोगों की मौत
ऑडियो सुनें

बहराइच: जिले के कैसरगंज थाना अंतर्गत बहराइच-लखनऊ हाईवे पर मंगलवार सुबह एक डंपर ट्रक व कार में हुई भिड़ंत के चलते एक सैनिक व उनके परिवार सहित पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में फौजी की 18 दिन की बच्ची, उनके माता पिता व कार चालक शामिल हैं। मृतक सैनिक की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई है। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने उक्त जानकारी दी।

प्रत्यक्षर्दिशयों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुर्घटनाग्रस्त कार डंपर ट्रक में चिपक सी गयी थी। तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी थी जबकि कार में तड़प रहे तीन लोगों को निकालकर नजदीकी अस्पताल भेजा गया जहां पहुंचने पर दो की मौत हो गयी।

अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) रामानंद प्रसाद कुशवाहा ने बताया कि मंगलवार सुबह मटेरा क्षेत्र निवासी सैनिक अबरार अहमद (28) परिवार सहित अपनी 18 दिन की पुत्री के इलाज के लिए लखनऊ जा रहे थे। इस दौरान बहराइच लखनऊ राजमार्ग पर कैसरगंज थानांतर्गत करीम बेहड़ गांव स्थित गुप्ता ढाबा के पास सामने से आ रहे डम्पर ट्रक से कार की सीधी टक्कर हो गयी।

उन्होंने बताया कि टक्कर के परिणामस्वरूप कार में सवार अबरार (28), उनके पिता गुलाम हजरत (60), मां फातिमा बेगम (56), पुत्री हानिया (18 दिन) व कार चालक चांद मोहम्मद (35) की मौत हो गयी। पुलिस के मुताबिक हादसे में सैनिक की पत्नी रुकैया (25) गंभीर रूप से घायल हो गयी। घायल रुकैया को इलाज हेतु बहराइच जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना आज सुबह साढ़े सात बजे की है। तीन लोगों की घटनास्थल पर तथा दो अन्य की नजदीकी सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई है। एएसपी ने बताया कि डम्पर चालक, वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया है । उसकी तलाश की जा रही है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital