पांच हजार युवा नक्सलवाद छोड़कर मुख्यधारा में शामिल हुए: गडकरी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 12 Jan 2025 08:28 PM
पांच हजार युवा नक्सलवाद छोड़कर मुख्यधारा में शामिल हुए: गडकरी
ऑडियो सुनें

मुंबई. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने रविवार को कहा कि महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में नक्सलवाद की घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आई है. उन्होंने कहा कि लगभग पांच हजार युवा नक्सलवाद के रास्ते को छोड़कर मुख्यधारा में शामिल हो गए हैं और उनमें से कई को रोजगार भी मिला है. अहिल्यानगर जिले के शिरडी में भाजपा के राज्य स्तरीय अधिवेशन में उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्ष में गढ़चिरौली महाराष्ट्र में सबसे अधिक राजस्व अर्जित करने वाला जिला बन जायेगा.

गडकरी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से पार्टी की चुनावी सफलता को सार्थक सामाजिक बदलाव में बदलने की अपील की. उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष राज्य विधानसभा चुनावों में मिली जीत से ‘सुराज्य’ की स्थापना होगी. नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली में हुई प्रगति पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था, जब जिले के कुछ क्षेत्रों का दौरा करना जनप्रतिनिधियों के लिए भी कठिन था.

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने कहा, ”आज लगभग पांच हजार युवा नक्सलवाद छोड़कर मुख्यधारा में लौट आए हैं. कई लोगों को चालक, फिटर आदि जैसी नौकरियां मिल गई हैं.” उन्होंने कहा कि जिले में इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थापित किए गए हैं और निर्यात के लिए परिधान निर्माण का काम शुरू हो गया है.

गडकरी ने कहा कि कभी पिछड़ा रहा यह क्षेत्र अब 10,000 आदिवासी युवकों के लिए रोजगार पैदा कर रहा है. उन्होंने कहा, ”अगले पांच वर्षों में गढ़चिरौली सबसे अधिक राजस्व अर्जित करने वाला जिला बन जाएगा.” उन्होंने बेरोजगारी, कुपोषण और शिक्षा की कमी के मुद्दों के समाधान के महत्व पर भी जोर दिया. उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में परिवर्तन तथा मजदूरों और गरीबों के उत्थान की आवश्यकता पर प्रकाश डाला.

गडकरी ने कहा, ”शिवाजी महाराज की तरह यह दिखाना हमारी जिम्मेदारी है कि राज्य को कैसे बदला जाए. कई लोग मंत्री बनते हैं, लेकिन सभी को याद नहीं रखा जाता. बाबासाहेब आंबेडकर लोकसभा चुनाव हार गए थे, फिर भी उनका नाम विश्व स्तर पर प्रसिद्ध है. केवल चुनावी जीत ही महानता को परिभाषित नहीं करती.” केंद्रीय मंत्री ने राजनीतिक फायदे के लिए सांप्रदायिक विवाद पैदा करने का प्रयास करने वालों की आलोचना की. उन्होंने कहा, ”हमारा मानना ??है कि कोई भी व्यक्ति अपनी जाति, नस्ल या आस्था के कारण महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि उन मूल्यों के कारण महत्वपूर्ण है, जिन्हें वह अपनाता है.”

ऑटोमोबाइल क्षेत्र में महाराष्ट्र के योगदान पर गडकरी ने कहा, ”अगले पांच वर्षों में भारत ऑटोमोबाइल उद्योग में वैश्विक स्तर पर शीर्ष देश बन जाएगा, जिससे 4.5 करोड़ नौकरियां पैदा होंगी और इस क्षेत्र में महाराष्ट्र से अधिकतम वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) संग्रह होगा. ज्यादातर कंपनियां महाराष्ट्र में स्थित हैं.” उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को याद दिलाया कि उनकी जिम्मेदारी प्रतिद्वंद्वी दल कांग्रेस को हराने से कहीं अधिक है. उन्होंने कहा, ”यदि हम बदलाव लाने में विफल रहे, तो लोग हमसे सवाल करेंगे. सुशासन और विकास हमारा मिशन बना रहना चाहिए.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu