
विशाखापत्तनम. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को यहां कहा कि उनका ध्यान भारत की समुद्री सुरक्षा को और मजबूत करने तथा हिंद महासागर क्षेत्र में एक नौसैनिक शक्ति के रूप में इसकी उपस्थिति को और अधिक प्रभावी व मजबूत बनाने पर होगा. सिंह ने यह टिप्पणी लगातार दूसरी बार रक्षा मंत्री बनने के बाद यहां की अपनी पहली यात्रा के दौरान की. उन्होंने भारतीय नौसेना की अभियानगत तैयारियों की समीक्षा करने के लिए विशाखापत्तनम में पूर्वी नौसेना कमान (ईएनसी) का दौरा किया और आईएनएस जलाश्व पर ‘डे एट सी’ कार्यक्रम में भाग लिया.
एक प्रेस विज्ञप्ति में सिंह के हवाले से कहा गया है, ”बढ.ते औद्योगिक बुनियादी ढांचे के कारण भारतीय नौसेना लगातार मजबूत होती जा रही है. हमारे शिपयार्डों का विस्तार हो रहा है, विमानवाहक पोतों की संख्या बढ. रही है और हमारी नौसेना एक नई शक्तिशाली ताकत के रूप में उभर रही है. हम इस कार्यकाल में भी अपने प्रयासों को गति देंगे. उन्होंने कहा कि सरकार का भूमि सीमा और समुद्री सुरक्षा पर ध्यान देना एक व्यापक दृष्टिकोण- राष्ट्र के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों को एक सूत्र में बांधना है.
उन्होंने कहा, “यह बहुत गर्व की बात है कि हमारी नौसेना हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षित व्यापार सुनिश्चित कर रही है तथा शांति और समृद्धि को बढ.ावा दे रही है. मुक्त नौवहन, नियम आधारित विश्व व्यवस्था, समुद्री डकैती विरोधी तथा क्षेत्र में शांति और स्थिरता सुनिश्चित करना हमारा सबसे बड़ा उद्देश्य है.”



