ऑस्ट्रेलिया के फिलिप द्वीप में चार भारतीयों की डूबने से मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 25 Jan 2024 07:24 PM
ऑस्ट्रेलिया के फिलिप द्वीप में चार भारतीयों की डूबने से मौत
ऑडियो सुनें

मेलबर्न. ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य में एक समुद्र तट पर तीन महिलाओं सहित चार भारतीयों की डूबने से मौत हो गई. समुद्र तट पर हुई यह घटना लगभग 20 वर्षों में विक्टोरियाई समुद्री क्षेत्र में हुई सबसे भयावह हादसों में से एक है. अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी.

घटना बुधवार को विक्टोरिया के फिलिप आइलैंड में घटी. मृतकों के एक करीबी रिश्तेदार ने ऑस्ट्रेलियाई मीडिया से बातचीत में उनके नामों की पुष्टि की. चारों मृतकों की पहचान 23 वर्षीय जगजीत सिंह आनंद, छात्राओं सुहानी आनंद और कीर्ति बेदी (दोनों 20 साल) और 43 वर्षीय रीमा सोंढी के रूप में की गई है. रीमा भारतीय नागरिक थीं और ऑस्ट्रेलिया में अपने परिवार से मिलने आई थीं, वहीं बाकी युवक-युवती तीनों क्लाइड में रहते थे.

मेलबर्न निवासी र्निसंग सहायक जगजीत ऑस्ट्रेलिया के स्थायी निवासी थे. बेदी और सुहानी छात्र वीजा पर आई थीं. दोनों पंजाब की रहने वाली थीं और दो सप्ताह पहले छुट्टियों पर ऑस्ट्रेलिया आई थीं. ‘न्यूज.कॉम.एयू’ वेबसाइट के अनुसार माना जा रहा है कि चारों रिश्तेदार थे.

‘लाइफ सेविंग विक्टोरिया’ राज्य एजेंसी के कमांडर केन ट्रेलोर ने कहा फिलिप द्वीप पर फॉरेस्ट केव्स के समुद्री क्षेत्र में संकट में फंसे चार लोगों की सहायता के लिए अपराह्न तीन बज कर करीब 40 मिनट पर फोन आया था. पुलिस ने बताया कि तीन लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, वहीं 20 वर्षीय एक महिला की अस्पताल में मौत हो गई.

कैनबरा में भारतीय उच्चायोग ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर इस दुखद घटना की जानकारी दी.
भारतीय उच्चायोग ने लिखा, ”ऑस्ट्रेलिया में दिल दहला देने वाली त्रासदी. विक्टोरिया के फिलिप द्वीप में पानी में डूबने की घटना में चार भारतीयों की जान चली गई. पीड़ितों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना. मेलबर्न की तटरक्षक जांच टीम सभी आवश्यक सहायता के लिए पीड़ितों के दोस्तों के साथ संपर्क में है.” ट्रेलोर ने बृहस्पतिवार को कहा कि यह राज्य में पिछले कुछ दशकों के दौरान डूबने की सबसे बुरी घटनाओं में से एक है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu