बालाघाट में पुलिस के साथ मुठभेड़ में तीन महिला नक्सलियों समेत चार माओवादी ढेर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 19 Feb 2025 08:32 PM
बालाघाट में पुलिस के साथ मुठभेड़ में तीन महिला नक्सलियों समेत चार माओवादी ढेर
ऑडियो सुनें

बालाघाट. मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में बुधवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ में तीन महिला नक्सलियों समेत चार माओवादी मारे गए. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डाबर ने बताया कि राज्य पुलिस की नक्सल विरोधी ‘हॉक फोर्स’ और स्थानीय पुलिस टीमों ने जंगली इलाके में चलाए गए अभियान में हिस्सा लिया. पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से हथियार भी बरामद किये गये हैं.

बालाघाट की सीमा महाराष्ट्र के गोंदिया जिले और छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव, खैरागढ़ और कवर्धा से लगती है. डाबर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मुठभेड़ सुबह जिला मुख्यालय से लगभग 90 किलोमीटर दूर एक इलाके में हुई. आधिकारिक बयान के अनुसार, मुठभेड़ स्थल गढ़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत सुपखर वन रेंज में रोंडा वन कैंप के पास है. अधिकारियों ने बताया कि मारे गए नक्सलियों की पहचान अभी नहीं हो पाई है.

इसमें कहा गया है कि पुलिस ने एक इंसास राइफल, एक सेल्फ-लोडिंग राइफल (एसएलआर) और एक .303 राइफल के अलावा आवश्यक दैनिक उपयोग की वस्तुएं बरामद की हैं. बयान के मुताबिक, मुठभेड़ में कुछ नक्सली घायल हो गए, लेकिन वे भागने में सफल रहे. इसमें में कहा गया है कि पुलिस की 12 टीम उन्हें पकड़ने के लिए तलाश अभियान चला रही हैं. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने विद्रोहियों को मार गिराने के लिए पुलिस को ‘एक्स’ पर बधाई दी.

उन्होंने लिखा, “राज्य से नक्सलवाद को खत्म करने के प्रयास में इस उपलब्धि के लिए मध्य प्रदेश पुलिस को बधाई.” गृह विभाग का प्रभार संभाल रहे यादव ने कहा कि उनकी सरकार अगले एक साल में वामपंथी उग्रवाद को खत्म करने के केंद्र के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में काम कर रही है.

मुख्यमंत्री ने कहा, ह्लमाननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में माननीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी वर्ष 2026 तक देश से नक्सलवाद को समाप्त करने का अभियान चला रहे हैं और हमारी सरकार भी इस दिशा में गंभीरता से काम कर रही है.” यादव ने लिखा, “आज बालाघाट में तीन महिला नक्सली मारी गईं और उनके पास से हथियार बरामद किए गए हैं. पुलिस और अन्य नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu