‘जिंगल बेलवा’ से ‘यशू दी बल्ले-बल्ले’ : क्रिसमस कैरोल में क्षेत्रीय भाषाओं का लगा तड़का

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 25 Dec 2024 07:29 PM
‘जिंगल बेलवा’ से ‘यशू दी बल्ले-बल्ले’ : क्रिसमस कैरोल में क्षेत्रीय भाषाओं का लगा तड़का
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. ईसाइयों का प्रमुख त्योहार क्रिसमस पूरी दुनिया में हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है और इस बार सांता क्लॉज और क्रिसमस कैरोल अलग अलग और मनोरंजक अंदाज में देखने और सुनने को मिल रहा है. देश के पूर्वी हिस्से में सांता क्लॉज भोजपुरी में ‘जिंगल बेलवा’ गा रहा है तो पश्चिमोत्तर में वह भांगड़ा की धुन पर बल्ले-बल्ले करता नजर आ रहा है. वहीं, हो-हो-हो में कुछ हा-हा-हा जोड़ कर इसे और मनोरंजक रूप दिया गया है.

चाहे वह इंस्टाग्राम रील्स हों, यूट्यूब शॉर्ट्स हों या फेसबुक पोस्ट, इस साल सोशल मीडिया हास्यपूर्ण क्रिसमस कैरोल के संग्रह से भरा पड़ा है. इन्हें उनके मूल अंग्रेजी संस्करण से पंजाबी, भोजपुरी, हिंदी और अन्य विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं में रूपांतरित किया गया है, जो उत्सव की भावना में स्थानीय पुट जोड़ते हैं.

जेम्स लॉर्ड पियरपोंट ने 19वीं शताब्दी में कालजयी कैरोल ‘जिंगल बेल्स’ की रचना की थी और इसमें सबसे अधिक देसी बदलाव किया गया है. इसमें कई लोगों ने हंसी के लिए एनिमेटेड हास्य वीडियो और मनमौजी धुनें भी जोड़ दी हैं. गीत का भोजपुरी संस्करण ”जिंगल बेलवा” को संभवत? सबसे अधिक देखा जा रहा है और अनगिनत व्हाट्सएप संदेशों के माध्यम से व्यापक रूप से प्रसारित हो रहा है.

पियरपोंट द्वारा 1850 में लिखे प्रसिद्ध क्रिसमस कैरोल के भोजपुरी संस्करण के बोल हैं, ”जिंगल बेलवा जिंगल बेलवा जिंगल बेलवा बाजेला, पकी दाढ़ी वाला बुढ़वा झोला लेके भागेला, घर घर आवेला, तोहफा बांटेला, हर बच्चा चिल्लावे कि देख सैंटा आवेला.” इस समय पूरी दुनिया में धूम मचा रहा पंजाबी संगीत सांता को अपनी धुनों पर नचाने से कैसे रोक सकता है? नतीजा यह है कि पंजाबी ‘जिंगल बेल्स’ के एक संस्करण के अलावा, पंजाबी पार्टी गानों की एक पूरी श्रृंखला ढोल की थाप पर भांगड़ा करते देसी सांता के वीडियो के साथ इंटरनेट पर धूम मचा रही है.

आईटी पेशेवर खुशी भट्ट कहती हैं,”हर कोई क्रिसमस से प्यार करता है. क्षेत्रीय भाषाओं में कैरोल्स का संस्करण उसे अपनत्व का भाव देता है. मैंने खुद इसे कई बार देखा है और इसे अपने दोस्तों और परिवार को शुभकामनाओं के रूप में भेजा है.” उन्होंने कहा, ”वास्तव में, वे इतने मज.ेदार हैं कि मैं उन्हें बार-बार सुन रही हूं और यूट्यूब पर ऐसे और संस्करणों की तलाश कर रही हूं. जितने ज्यादा होंगे उतना अच्छा होगा, है न?” कैरोल्स के रूपांतरण के अलावा, यीशु मसीह की प्रशंसा करने वाले और ईसाई धर्म का जश्न मनाने वाले कई पंजाबी गाने, जैसे ”यशु दी बल्ले बल्ले” और ”यशु दा जनम होया भागा वली रात नू” ने भी कई वीडियो और मीम्स के साथ इंटरनेट पर धूम मचा दी है.”

उदाहरण के लिए, इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहे ऐसे ही एक वीडियो में एक ईसाई व्यक्ति को क्रिसमस के दौरान चुपचाप ईश्वर से प्रार्थना करते हुए दिखाया गया है, जबकि गैर-ईसाई लोग उत्सव की भावना में डूबे हुए, ”यशु दा जनम होया भागा वाली रात नू’ गाने की हृदयस्पर्शी धुन पर नाचते हुए दिखाई दे रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu