सोने और चांदी की कीमतें अपने रिकॉर्ड ऊंचाई से नीचे आईं…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 22 May 2024 10:52 AM
सोने और चांदी की कीमतें अपने रिकॉर्ड ऊंचाई से नीचे आईं…
ऑडियो सुनें

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतें अपने रिकॉर्ड ऊंचाई से नीचे आईं। कमजोर वैश्विक रुख और मुनाफावसूली के कारण सोने की कीमत में 550 रुपए प्रति 10 ग्राम की गिरावट दर्ज हुई।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, सोने की कीमतें अमेरिकी फेडरल रिजर्व के सदस्यों में से एक की तीखी टिप्पणियों से प्रभावित हुईं, जिन्होंने सुझाव दिया कि मुद्रास्फीति को लक्ष्य पर वापस लाने के लिए ब्याज दरों को लंबी अवधि तक मौजूदा स्तर पर जारी रखने की आवश्यकता होगी।

सोने की कीमत 550 रुपए गिरकर 74,650 रुपए प्रति 10 ग्राम रह गई। पिछले सत्र में सोना 75,200 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। राष्ट्रीय राजधानी में चांदी की कीमतें 1,600 रुपए टूटकर 94,500 रुपए प्रति किलोग्राम रह गईं।

पिछले सत्र में यह 96,100 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ”दिल्ली में हाजिर सोना (24 कैरेट) 74,650 रुपए प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था जो पिछले बंद भाव से 550 रुपए की गिरावट दर्शाता है।” अंतरराष्ट्रीय बाजार, कॉमेक्स (जिंस बाजार) में सोना हाजिर 2,420 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था जो पिछले बंद भाव 22 डॉलर नीचे है। चांदी का भाव 31.60 डॉलर प्रति औंस था।

विशेषज्ञों के अनुसार, व्यापारी फेडरल रिजर्व के अधिकारियों की टिप्पणियों के साथ-साथ बुधवार को जारी होने वाली फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की बैठक के ब्योरे पर बारीकी से नजर रखेंगे, जो अमेरिकी केंद्रीय बैंक के मौद्रिक नीति दृष्टिकोण पर अधिक जानकारी प्रदान करेगा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav