कनाडा में रह रहे गोल्डी बराड़ को सरकार ने आतंकवादी घोषित किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 01 Jan 2024 08:59 PM
कनाडा में रह रहे गोल्डी बराड़ को सरकार ने आतंकवादी घोषित किया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कनाडा में रह रहे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को सरकार ने सोमवार को आतंकवाद रोधी कानून के तहत आतंकवादी घोषित कर दिया, जिसे पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या का ‘मास्टरमाइंड’ बताया जाता है. केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक अधिसूचना में कहा कि पाकिस्तान स्थित एजेंसी से मदद पा रहा सतिंदरजीत सिंह उर्फ ??गोल्डी बराड़ कई हत्याओं में शामिल रहा है और कट्टरपंथी विचारधारा का प्रसार करता है.

वह राष्ट्रवाद समर्थक नेताओं को धमकी भरे फोन करने, फिरौती मांगने और विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर हत्याओं की जिम्मेदारी भी लेता रहा है. प्रतिबंधित बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़ा बराड़ हत्याओं को अंजाम देने के लिए सीमा पार से ड्रोन के जरिए आधुनिक हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री की तस्करी तथा आपूर्ति करने और ‘शार्पशूटर’ उपलब्ध कराने में भी शामिल रहा है. वह पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब का निवासी है और वर्तमान में कनाडा के ब्रैम्पटन में रह रहा है.

गृह मंत्रालय ने कहा कि बराड़ और उसके सहयोगी पंजाब में तोड़फोड़, आतंकवादी मॉड्यूल को खड़ा करने, लक्षित हत्याओं और अन्य राष्ट्र विरोधी गतिविधियों सहित नापाक मंसूबों के माध्यम से शांति, सांप्रदायिक सद्भाव और कानून व्यवस्था को बाधित करने की साजिश रचते रहे हैं. इंटरपोल ने उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर रखा है और उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी है.

अधिसूचना में कहा गया कि केंद्र सरकार का मानना है कि सतविंदर सिंह उर्फ सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ आतंकवादी गतिविधियों में शामिल है और इसलिए उसे गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए), 1967 के तहत आतंकवादी घोषित किया जाता है. बराड़ को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के प्रमुख सदस्य के रूप में भी जाना जाता है और उसने 29 मई, 2022 को पंजाब के लोकप्रिय गायक मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी ली थी.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu