सरकार ने भारतीय वायुसेना के लिए 97 तेजस जेट विमानों की खरीद को मंजूरी दी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 20 Aug 2025 10:27 PM
सरकार ने भारतीय वायुसेना के लिए 97 तेजस जेट विमानों की खरीद को मंजूरी दी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. सरकार ने भारतीय वायु सेना के लिए लगभग 85,000 करोड़ रुपये की लागत से 97 हल्के लड़ाकू तेजस विमान और छह उन्नत हवाई पूर्व चेतावनी और नियंत्रण (एईडब्ल्यू एंड सी) विमानों की प्रस्तावित खरीद को मंजूरी दे दी है. मामले से परिचित लोगों ने बुधवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि माना जाता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता वाली सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (सीसीएस) ने दोनों खरीद परियोजनाओं को हरी झंडी दे दी है.

जानकारी मिली है कि तेजस विमान की खरीद लगभग 67,000 करोड़ रुपये की लागत से की जाएगी, जबकि एईडब्ल्यू एंड सी विमानों की खरीद के लिए सरकारी खजाने से लगभग 18,000 करोड़ रुपये खर्च होंगे. रक्षा मंत्रालय ने 97 एलसीए तेजस (एमके-1ए) लड़ाकू विमानों की खरीद का फैसला किया है. इससे चार साल पहले मंत्रालय ने इसी तरह के स्वदेश निर्मित तेजस विमान की खरीद के लिए एक अन्य समझौता किया था. फरवरी 2021 में, रक्षा मंत्रालय ने भारतीय वायुसेना के लिए 83 तेजस एमके-1ए विमान की खरीद के लिए हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के साथ 48,000 करोड़ रुपये का सौदा किया था.

एकल इंजन वाला एमके-1ए विमान भारतीय वायुसेना के मिग-21 लड़ाकू विमानों का स्थान लेंगे. भारतीय वायुसेना इन युद्धक विमानों को शामिल करने पर विचार कर रही है, क्योंकि इसके लड़ाकू स्क्वाड्रनों की संख्या आधिकारिक तौर पर स्वीकृत 42 से घटकर 31 रह गई है. तेजस का यह बहु-भूमिका वाला लड़ाकू विमान है जो उच्च-खतरे वाले हवाई वातावरण में परिचालन करने में सक्षम है. इसे वायु रक्षा, समुद्री टोही और हमलावर भूमिकाओं के लिए डिज़ाइन किया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu