ग्रीन और वर्मा ने मुंबई को दिया मजबूत स्कोर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 18 Apr 2023 09:58 PM
ग्रीन और वर्मा ने मुंबई को दिया मजबूत स्कोर
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. कैमरन ग्रीन के पहले आईपीएल अर्धशतक और तिलक वर्मा की आक्रामक पारी के दम पर मुंबई इंडियंस ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मंगलवार को आईपीएल के मैच में पांच विकेट पर 192 रन बनाये. वर्मा और ग्रीन (40 गेंद में नाबाद 64 रन) के अलावा कप्तान रोहित शर्मा ने 18 गेंद में 28 और ईशान किशन ने 31 गेंद में 38 रन बनाये. बीस वर्ष के वर्मा ने 17 गेंद में 37 रन बनाये जिसमें दो चौके और चार छक्के शामिल थे . बीच के ओवरों में मुंबई की रनगति धीमी हो गई थी लेकिन वर्मा की पारी ने उसे अच्छा स्कोर दिया.

वर्मा ने 15वें ओवर में मार्को जानसेन को लगातार दो छक्के समेत 21 रन निकाले . अगले ओवर में उन्होंने लेग स्पिनर मयंक मार्कंडेय को एक्स्ट्रा कवर में चौका जड़ा जबकि अगली गेंद पर स्वीप शॉट खेलकर छक्का लगाया . इस ओवर में 14 रन बने. दूसरी ओर ग्रीन को शुरूआत में जमने में समय लगा लेकिन वर्मा के आउट होने के बाद उन्होंने हाथ खोलने शुरू किये . दाहिने हाथ के बल्लेबाज ग्रीन ने टी नटराजन को लगातार तीन चौके लगाये और फिर स्ट्रेट ड्राइव पर छक्का जड़ा . इस ओवर में 20 रन बने. नटराजन ने 20वें ओवर में काफी रन लुटाये और उनके चार ओवर के स्पैल में 50 रन बने . मुंबई ने आखिरी पांच ओवर में 62 रन निकाले.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu