फिल्म उद्योग में 20 साल बाद भी काम करके खुश हूं : रितेश देशमुख

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 13 Oct 2024 07:29 PM
फिल्म उद्योग में 20 साल बाद भी काम करके खुश हूं : रितेश देशमुख
ऑडियो सुनें

मुंबई. अभिनेता-निर्माता रितेश देशमुख पिछले दो दशकों से फिल्मों में काम कर रहे हैं और उनका कहना है कि फिल्म जगत में अब भी अपनी मौजूदगी के कारण वह खुश हैं. वर्ष 2003 में ‘तुझे मेरी कसम’ से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अभिनेता ने हिंदी फिल्मों ‘एक विलेन’, ‘ब्लफमास्टर!’ और ‘हाउसफुल’ और ‘मस्ती’ के साथ फिल्म उद्योग में अपने लिए एक अलग जगह बनाई. उन्होंने 2013 में ‘बालक पालक’ के साथ निर्माता और 2022 में फिल्म ‘वेद’ के साथ निर्देशक की भूमिका निभाई. दोनों मराठी फिल्में हैं.
रितेश देशमुख महाराष्ट्र के दिवंगत मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख के पुत्र हैं. उन्होंने कहा कि वह कोई उम्मीद लेकर फिल्म उद्योग में नहीं आए थे.

देशमुख ने ‘पीटीआई भाषा’ को दिए साक्षात्कार में कहा, ”मुझे जो भी प्रस्ताव दिया गया, मैं उससे खुश रहा. मैं उद्योग में करियर बनाने नहीं आया था. यह कुछ ऐसा था जैसे कि मुझे एक ऑफर मिला था, और देखाना था कि यह कैसा रहता है. मुझे उद्योग और दर्शकों से प्यार पाकर खुशी हुई. मुझे दो दशक हो गए हैं और मैं अब भी काम कर रहा हूं.” अभिनेता ने कहा, ”मुझे खुशी है कि निर्माता और निर्देशक अब भी मेरे नाम पर विचार करते हैं. इस उद्योग ने मुझे फिल्में करने, निर्माता बनने और फिल्में (मराठी में) निर्देशित करने की ताकत दी है.” उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि वह जल्द ही एक हिंदी फिल्म का निर्देशन करेंगे. देशमुख अगली बार ‘हाउसफुल 5’ में नजर आएंगे. उन्होंने कहा कि वह अपने करियर के ‘शानदार दौर’ में हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu