हरियाणा: ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ के तहत तीन दिन में 900 से अधिक कुख्यात अपराधी गिरफ्तार

चंडीगढ़: हरियाणा पुलिस ने कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा संगठित व आदतन अपराधियों और फरार आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने के लिए राज्यभर में विशेष अभियान ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ शुरू किया है। हरियाणा पुलिस ने एक बयान में कहा कि स्वतंत्रता दिवस से पहले शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, जबरन वसूली, झपटमारी, अपहरण और शस्त्र अधिनियम जैसे गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों को सजा दिलाना तथा राज्य में सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना है।

पुलिस ने बताया कि इस अभियान के तहत राज्यभर की पुलिस इकाइयों ने व्यापक कार्रवाई की और एक से तीन अगस्त के बीच 903 अपराधियों को गिरफ्तार किया। इनमें गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल 139 आरोपी हैं। अभियान के दौरान विभिन्न मामलों में शामिल 767 अन्य अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया।

अभियान के दौरान पुलिस ने 103 गंभीर आपराधिक मामलों में कार्रवाई की, जिनमें कुल 139 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अजय ंिसघल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस से पहले शुरू किए गए विशेष राज्यव्यापी अभियान ‘आॅपरेशन ट्रैकडाउन’ का उद्देश्य अपराधियों में कानून का डर पैदा करना और आम लोगों के लिए सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण माहौल बनाना है।

उन्होंने कहा कि सभी पुलिस इकाइयों को वांछित और आदतन अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने, उन्हें जल्द गिरफ्तार कर उनके आपराधिक नेटवर्क को खत्म करने के निर्देश दिए गए हैं। इस अभियान के तहत जिला पुलिस की सभी इकाइयां, अपराध शाखाएं, विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और अन्य विशेषज्ञ इकाइयां समन्वय के साथ कार्रवाई कर रही हैं।

डीजीपी ंिसघल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना और असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों पर सख्त नियंत्रण रखना हरियाणा पुलिस का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि नागरिकों को सुरक्षित, भयमुक्त और शांतिपूर्ण माहौल उपलब्ध कराने के लिए संदिग्ध लोगों, आदतन अपराधियों और वांछित अपराधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button