हिमाचल में भारी बारिश का रौद्र रूप, चंडीगढ़-मनाली हाईवे बंद…

Author: navabharat digital
UPDATED: Fri, 28 Feb 2025 02:21 PM
हिमाचल में भारी बारिश का रौद्र रूप, चंडीगढ़-मनाली हाईवे बंद…
ऑडियो सुनें

नई दिल्ली: हिमाचल प्रदेश में बीते चौबीस घंटे से रुक-रुक बारिश और बर्फबारी हो रही है. अब मौसम का कहर देखने को मिल रहा है. अहम बात है कि अब लैंडस्लाइड होने लगी है. शुक्रवार को चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे मंडी जिले के औट के पास लैंडस्लाइड के कारण बंद हो गया है.

मंडी जिला पुलिस ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए लोगों से सावधानीपूर्वक यात्रा करने की अपील की है. पुलिस के अनुसार, आज सुबह औट के पास शनि मंदिर के पास पहाड़ी से भारी मलबा गिरने के कारण हाईवे बंद हो गया. उधर, हाईवे पर प्राइवेट बस पर पहाड़ी से पत्थर भी गिरे हैं.

फोरलेन निर्माण में जुटी एफकॉन्स कंपनी की मशीनरी मलबा हटाने में लगी हुई है. थोड़ा मलबा हटाकर छोटे वाहनों को निकालने का काम शुरू कर दिया गया है, लेकिन दोनों तरफ लंबा जाम लगा हुआ है. एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि मलबा हटाने का काम जारी है, लेकिन लगातार बारिश के कारण इसमें समय लग रहा है. उन्होंने लोगों से अपील की है कि बहुत जरूरी होने पर ही यात्रा करें और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें.

मंडी के पनारसा में बस हादसा

उधर, मंडी के पनारसा में शुक्रवार सुबह 6.50 बजे न्यू प्रेम की निजी बस मनाली से पठानकोट जा रही थी और इसमें चालक तथा परिचालक के अलावा, 02 अन्य व्यक्ति सवार थे. मनाली से आते हुए जब यह बस बनाला के पास पहुंची तो पहाड़ी से अचानक पत्थर बस पर गिरे और बस पलट गई तथा बस मे सवार चालक जसवंत सिंह और परिचालक अंकुश को चोट आई है. उन्हें उपचार हेतू CHC नगवांई ले जाया गया है. मामले की जांच की जा रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital