वही काम कर रहा हूं जो हमेशा से करना चाहता था : पंकज त्रिपाठी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 18 Oct 2023 09:11 PM
वही काम कर रहा हूं जो हमेशा से करना चाहता था : पंकज त्रिपाठी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. फिल्म जगत में 20 साल पूरे करने और दो राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल करने वाले मशहूर अभिनेता पंकज त्रिपाठी का कहना है कि उन्हें उन फिल्मों में काम कर बेहद खुशी मिली है जो ऐसी कहानियां बयां करती हैं जिनसे वह हमेशा जुड़ना चाहते थे. यह एक सुखद संयोग है कि मुंबई में 20 साल पूरे होने के एक दिन बाद ही त्रिपाठी को फिल्म ‘मिमी’ के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला.

अभिनेता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिये साक्षात्कार में कहा, ”मैं काफी खुश और विनम्र हूं. मेरा मानना है कि अगर आप दृढ़ रहें और अपना काम ईमानदारी से करें तो कुछ भी संभव है. मैंने कल फिल्म जगत में अपने 20 साल पूरे कर लिये. यह मेरा दूसरा राष्ट्रीय पुरस्कार है. मुझे चुनने के लिये मैं सभी दर्शकों, अपने सभी निर्देशकों, लक्ष्मण उतेकर (मिमी के निर्देशक) और निर्णायक मंडल का अभारी हूं.

उन्होंने यह भी कहा, ”उन दर्शकों को धन्यवाद जिन्होंने मुझे इतना प्यार दिया. पुरस्कार समारोह में लोग मेरे पास आए और कहा कि मेरी जीत उन्हें एक व्यक्तिगत उपलब्धि की तरह लगती है. चूंकि मैं भी जनता के बीच से आया हूं तो यह देखकर मुझे बहुत अच्छा लगता है.” ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’, ‘मसान’, ‘स्त्री’ और वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ और ‘क्रिमिनल जस्टिस’ से शोहरत पाने वाले त्रिपाठी ने 2003 की कन्नड़ फिल्म से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी.

बिहार में जन्मे अभिनेता को आज उनके निभाए कई किरदारों के नामों से भी जाना जाता हैं इनमें ‘स्त्री’ के रुद्रा भैया से लेकर ‘मिर्जापुर’ के कालीन भैया तक शामिल हैं. आगामी दिनों में त्रिपाठी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी पर आधारित फिल्म ‘मैं अटल हूं’ में दिखेंगे. इसके अलावा वह मिर्जापुर के तीसरे संस्करण और ‘स्त्री 2’ में भी नजर आएंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu