
नयी दिल्ली. गायिका जसलीन रॉयल का कहना है कि वह पुरस्कार समारोह की प्रशंसक नहीं हैं क्योंकि वहां बहुत राजनीति होती है.
रॉयल को 2022 में फिल्म ‘शेरशाह’ के लिए सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशक का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला था. उन्होंने कहा कि वह पुरस्कारों का अनादर नही कर रही हैं, लेकिन पुरस्कार कौन प्राप्त कर रहा है इसके बजाय पुरस्कार कौन प्रस्तुत कर रहा है, उस पर अधिक ध्यान रहता है. रॉयल ने कहा “मैंने स्वयं देखा है कि पुरस्कारों के लिए चुने गए व्यक्तियों को पीछे बैठाया जाता है, लेकिन कुछ प्रसिद्ध लोग, जिनका उस कार्यक्रम से कोई लेना-देना नही होता है, उन्हें आगे बैठाया जाता है…वहां बहुत राजनीति भी होती है.”
संगीतकार रॉयल ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”आप घबराहट महसूस करते हैं और कभी-कभी आपको ऐसा लगता है कि ‘क्या आप भी यहीं के हैं?’ ऐसा नहीं है, ‘ओह! आप पुरस्कार के लिए चुने गए हैं, कृपया यहां आइए, हमारे साथ बैठिये, आपने क्या शानदार काम किया है.” उन्होंने कहा, ”इसलिए मैं पुरस्कार समारोह की बहुत बड़ी प्रशंसक नहीं हूं…वहां काफी वीआईपी संस्कृति है.”



