मुझे ‘डब’ की गई अंग्रेजी फिल्में कभी पसंद नहीं आती थीं: संजय मिश्रा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 23 Dec 2024 09:23 PM
मुझे ‘डब’ की गई अंग्रेजी फिल्में कभी पसंद नहीं आती थीं: संजय मिश्रा
ऑडियो सुनें

मुंबई. हॉलीवुड एनिमेटेड फिल्म ‘मुफासा: द लायन किंग’ के हिंदी संस्करण में ‘पुंबा’ नामक वॉर्टहॉग (सुअर प्रजाति का प्राणी) के किरदार को आवाज देने वाले अभिनेता संजय मिश्रा ने कहा कि भारत में ‘डबिंग’ का स्तर पिछले कुछ वर्षों में बेहतर हुआ है और आज हर शब्द पर ध्यान दिया जाता है.

बैरी जेनकिंस द्वारा निर्देशित यह फिल्म 1994 की एनिमेटेड फिल्म पर आधारित फिल्म ‘द लॉयन किंग’ की ‘प्रीक्वल’ और ‘सीक्वल’ दोनों है. ‘द लॉयन किंग’ 2019 में आई थी. ‘मुफासा: द लायन किंग’ मुफासा के एक अनाथ शावक से जंगल का राजा बनने तक के सफर को दर्शाती है. अभिनेता शाहरुख खान ने फिल्म के हिंदी में ‘डब’ संस्करण के लिए मुख्य किरदार मुफासा को आवाज दी है, जबकि उनके बड़े बेटे आर्यन खान ने सिम्बा और उनके सबसे छोटे बेटे अबराम खान ने मुफासा के बचपन के किरदार के लिए ‘डबिंग’ की है.

‘आंखों देखी’, ‘धमाल’, ‘वध’, और ‘भूल भुलैया 3’ में शानदार अभिनय के लिए जाने जाने वाले मिश्रा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि उन्हें पुंबा के लिए डबिंग करने की प्रेरणा तब मिली जब उन्होंने अभिनेता श्रेयस तलपड़े को मीरकैट (दक्षिणी अफ्रीका का एक छोटा नेवले जैसा स्तनपायी जंतु) टिमॉन के किरदार के लिए रिकॉर्डिंग करते सुना. फिल्म में टिमॉन और पुंबा की जोड़ी मुफासा के बेटे सिम्बा की दोस्त और गुरु दोनों है.

उन्होंने कहा, ”मुझे ‘डब’ की गई अंग्रेजी फिल्में कभी पसंद नहीं आती थीं क्योंकि उनमें (हिंदी में डब किए गए) संवाद अधूरे लगते थे लेकिन आज केवल पहले और आखिरी शब्द पर नहीं बल्कि हर शब्द पर ध्यान दिया जाता है.” मिश्रा ने कहा, ”मैं शुरू में थोड़ा चिंतित था लेकिन जब मैंने श्रेयस की रिकॉर्डिंग को सुना तो मुझे लगा कि उन्होंने डबिंग बिल्कुल जरूरत के अनुसार की.” अभिनेता ने कहा कि उन्होंने तलपड़े द्वारा तय की गई गति और लय के अनुसार ही डबिंग की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu