मैं पांच साल का अपना कार्यकाल पूरा करूंगा : मुख्यमंत्री सिद्धरमैया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 19 Dec 2025 07:53 PM
मैं पांच साल का अपना कार्यकाल पूरा करूंगा : मुख्यमंत्री सिद्धरमैया
ऑडियो सुनें

बेलगावी/करवार. कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने शुक्रवार को दोहराया कि वह पांच साल का अपना कार्यकाल पूरा करते हुये पद पर बने रहेंगे और इसके साथ ही कांग्रेस आला कमान के समर्थन पर विश्वास जताया . उत्तर कर्नाटक के विकास से जुड़े मुद्दों पर विधानसभा में चर्चा के दौरान सिद्धरमैया ने कहा कि उन्होंने कभी यह नहीं कहा कि वह केवल ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री के पद पर हैं.

विपक्षी भाजपा विधायकों के इस सवाल के जवाब में कि क्या उनके कार्यकाल के दौरान उत्तरी कर्नाटक के लिए सरकार द्वारा किए गए वादे पूरे होंगे, उन्होंने कहा, “मुझे विश्वास है कि (कांग्रेस) आला कमान मुझे पांच साल का कार्यकाल पूरा करने देगी.” उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि आला कमान मेरे साथ है, मैं आला कमान के फैसले का पालन करूंगा.” भारतीय जनता पार्टी के वी सुनील कुमार ने उनके भविष्य पर सवाल उठाया, तो मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं मुख्यमंत्री हूं. अगर आला कमान फैसला करता है, तो मैं भविष्य में भी मुख्यमंत्री रहूंगा.” जब विपक्षी सदस्यों ने सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार के बीच बारी-बारी से मुख्यमंत्री पद संभालने के “सत्ता-साझेदारी” पर सवाल उठाया, तो उन्होंने कहा, “मैंने कभी नहीं कहा कि मैं ढाई साल तक के लिये मुख्यमंत्री रहूंगा.”

सुनील कुमार ने कहा, “हम चाहते हैं कि आप उत्तर कर्नाटक क्षेत्र के लिए किए गए सभी वादे पूरे करें. आपको यह स्पष्ट करना होगा कि क्या आप भविष्य में भी मुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे.” इस पर सिद्धरमैया ने जवाब दिया, “मैं भविष्य में भी मुख्यमंत्री बना रहूंगा.” उन्होंने भाजपा के नेताओं को यह भी याद दिलाया कि उनके दिग्गज नेता बी एस येदियुरप्पा ने पूरे कार्यकाल का वादा किया था, लेकिन उन्हें पद छोड़ना पड़ा.

विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “हमारे पास कोई निर्देशक नहीं है. हम निर्माता, निर्देशक और अभिनेता हैं, जबकि आपके पास एक निर्देशक है.” सिद्धरमैया के ये बयान राज्य में मुख्यमंत्री परिवर्तन की अटकलों के बीच आए हैं, क्योंकि कांग्रेस सरकार ने 20 नवंबर को अपने पांच वर्षीय कार्यकाल का आधा समय पूरा कर लिया है. यह बातचीत पार्टी के भीतर स्थिरता का माहौल बनाने और अपनी स्थिति मजबूत करने के सिद्धरमैया के प्रयासों को उजागर करती है.

सिद्धरमैया एवं मेरे बीच कुछ आपसी समझ बनी है, हम उसका पालन करेंगे: शिवकुमार
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने शुक्रवार को कहा कि वह ऐसा कोई बयान नहीं देना चाहेंगे कि राज्य में मुख्यमंत्री का बदलाव होगा या नहीं. शिवकुमार ने कहा कि उनके और मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के बीच कांग्रेस आलाकमान के कहने पर कुछ सहमति बनी है और दोनों इसका पालन करेंगे. उन्होंने कहा कि सिद्धरमैया आलाकमान के निर्णय के अनुसार मुख्यमंत्री हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री के कार्यकाल पर कभी कोई टिप्पणी नहीं की है.

इससे पहले दिन में, सिद्धरमैया ने कहा था कि वह पूरे पांच साल के अपने कार्यकाल के लिए पद पर बने रहेंगे. उन्होंने कहा कि उन्हें कांग्रेस आलाकमान के समर्थन पर पूरा विश्वास है. विधानसभा में उत्तर कर्नाटक के विकास से संबंधित मुद्दों पर चर्चा के दौरान भी सिद्धरमैया ने कहा कि उन्होंने कभी यह जिक्र नहीं किया कि वह केवल ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री हैं.

शिवकुमार ने यहां पत्रकारों से कहा, ”मैंने कभी नहीं कहा कि वह (सिद्धरमैया) पांच साल तक मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे. मैंने कभी नहीं कहा कि आलाकमान उनके साथ नहीं है. आलाकमान उनके साथ है, इसीलिए वह आज मुख्यमंत्री हैं.” उन्होंने कहा कि सिद्धारमैया पार्टी के फैसले के अनुसार मुख्यमंत्री पद पर हैं. उन्होंने कहा, ”हम दोनों के बीच कुछ सहमति बनी है, आलाकमान ने हमारे बीच वह सहमति कायम की है, जिसके अनुसार हम दोनों ने चर्चा की है और कई बार कहा है कि हम इसका पालन करेंगे और आगे बढ़ेंगे.” हालांकि, शिवकुमार ने इस सवाल का जवाब देने से इनकार कर दिया कि मुख्यमंत्री पद में कोई बदलाव होगा या नहीं.

मुख्यमंत्री के बदलाव की चर्चाओं पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ”यह आप (मीडिया) लोग बात कर रहे हैं, हमारे बीच इस बारे में कोई चर्चा नहीं है. हम पार्टी के फैसले का पालन करेंगे.” उपमुख्यमंत्री शुक्रवार को उत्तर कन्नड़ जिले के विभिन्न मंदिरों के दौरे पर थे.

उत्तर कन्नड़ जिले के अंकोला स्थित देवी जगदीश्वरी मंदिर की उनकी यात्रा का मुख्यमंत्री बनने की उनकी महत्वाकांक्षाओं से संबंध होने से संबंधित प्रश्न के उत्तर में, शिवकुमार ने कहा, ”मैं इस बारे में बात नहीं करना चाहता, यह मेरे और देवी मां के बीच का मामला है. यह भक्त और देवी के बीच का मामला है. मैंने देवी से क्या प्रार्थना की और उन्होंने मुझे क्या बताया, यह हम दोनों के बीच का मामला है.” उन्होंने कहा कि पांच साल पहले वह अपने परिवार से संबंधित किसी समस्या को लेकर मंदिर आए थे और उनकी मनोकामना पूरी हुई थी. उपमुख्यमंत्री ने कहा, ”इसलिए मैं कृतज्ञता व्यक्त करने और अपने लिए, राज्य के लिए और मुझ पर विश्वास करने वाले लोगों के लिए आशीर्वाद मांगने के लिए मंदिर आ रहा हूं. मैं यहां से खुशी-खुशी वापस जा रहा हूं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu