बिहार में नई राजग सरकार बनेगी तो घुसपैठियों को खदेड़कर उनकी संपत्ति गरीबों में बांटी जाएगी: योगी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 03 Nov 2025 09:10 PM
बिहार में नई राजग सरकार बनेगी तो घुसपैठियों को खदेड़कर उनकी संपत्ति गरीबों में बांटी जाएगी: योगी
ऑडियो सुनें

दरभंगा/मुजफ्फरपुर/सारण. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि यदि बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनी, तो वह राज्य से ‘घुसपैठियों’ को बाहर खदेड़ देगी और उनकी संपत्ति गरीबों में बांट देगी. बिहार के दरभंगा, मुजफ्फरपुर और सारण में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए कहा कि योगी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के तेजस्वी यादव और समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव पर प्रहार करते हुए उन्हें ‘गांधी जी के तीन बंदर’ की तर्ज पर “इंडिया गठबंधन के तीन बंदर” बताया.

उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “महात्मा गांधी के तीन बंदर बुराई को न देखते थे, न सुनते थे और न बोलते थे. लेकिन आज के तीन बंदर हैं – ‘पप्पू’, जो राजग सरकार का अच्छा काम नहीं देखता, ‘टप्पू’, जो उसे सुनना नहीं चाहता; और ‘अक्कू’, जो इसके बारे में बोलते समय सच स्वीकार नहीं करता.” योगी आदित्यनाथ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस, राजद और सपा बिहार में अपराधियों को गले लगा रही हैं और घुसपैठियों को ब­ढ़ावा देकर राज्य की सुरक्षा के साथ समझौता कर रही हैं. उन्होंने कहा, “अगर राजग की सरकार बनी, तो हम बिहार से घुसपैठियों को बाहर करेंगे और उनकी संपत्ति गरीबों में बांट देंगे.”

उन्होंने विपक्ष पर जाति के नाम पर समाज को बांटने और दंगे कराने का आरोप लगाते हुए कहा, “आइए संकल्प लें – ना बटेंगे, ना कटेंगे.” राजद-कांग्रेस के शासनकाल को ‘कुशासन’ बताते हुए योगी ने कहा, “तब राशन की दुकानें लूट ली जाती थीं, लेकिन आज 80 करोड़ लोगों को, जिनमें बिहार के लोग भी शामिल हैं, मुफ्त राशन मिल रहा है.” योगी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कराया है, और अब “सीताम­ढ़ी में माता जानकी का भव्य मंदिर बनेगा जिसे राम-जानकी मार्ग के जरिए अयोध्या से जोड़ा जाएगा.” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मखाना बोर्ड’ का गठन किया है और बिहार की डबल इंजन सरकार “लाख की चूड़ियों” के पारंपरिक उद्योग को ब­ढ़ावा देने का काम कर रही है.

राजद पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा, “राजद ने बिहार की पहचान छीन ली थी. राज्य की खोई हुई गरिमा वापस लाने के लिए बिहार की जनता नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में डबल इंजन की राजग सरकार चुनने के लिए प्रतिबद्ध है.” उन्होंने कहा कि राजग सरकार “विकास और विरासत के साथ-साथ “समृद्धि और सुरक्षा” के लिए काम कर रही है.

योगी ने यह भी कहा कि कांग्रेस और राजद ने डॉ. भीमराव आंबेडकर का अपमान किया, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने “बाबासाहेब से जुड़े पांच स्थलों का विकास कराया.” उन्होंने विपक्षी दलों पर जयप्रकाश नारायण के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा, “इन दलों ने उनकी आखिरी इच्छा, उनकी पत्नी के नाम पर सिताब दियारा में अस्पताल निर्माण – को पूरा नहीं किया. लेकिन हमारी डबल इंजन सरकार ने उसे पूरा किया.”

योगी ने दावा किया कि कांग्रेस ने बाबू जगजीवन राम को प्रधानमंत्री बनने नहीं दिया. उन्होंने आरोप लगाया, “राजद शासन के दौरान 30,000 से ज्यादा अपहरण की घटनाएं हुईं. उस दौर में आईएएस और आईपीएस अधिकारी बिहार में काम करने से डरते थे क्योंकि उन्हें लालू प्रसाद का थूकदान उठाना पड़ता था.” उन्होंने कहा कि सारण क्षेत्र में अपराधियों को हमेशा राजद का संरक्षण मिला है, लेकिन अब “राजग सरकार बुलडोजर उन्हें पूरी तरह खत्म कर देगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu