भाजपा सरकार बनी तो कानून बनाकर छीन लेगी किसानों और आदिवासियों की जमीन : अखिलेश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 29 May 2024 08:09 PM
भाजपा सरकार बनी तो कानून बनाकर छीन लेगी किसानों और आदिवासियों की जमीन : अखिलेश
ऑडियो सुनें

सोनभद्र. समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एक बार फिर सत्ता में आ गयी तो वह कोई न कोई कानून लाकर किसानों और आदिवासियों की जमीन छीन लेगी.

यादव ने रॉबर्ट्सगंज लोकसभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी छोटे लाल खरवार के समर्थन में आयोजित एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा, ”यह वही भाजपा के लोग हैं, जो एक समय पर काले (कृषि) कानून लाए थे, जिनसे उनकी (किसानों की) जमीन छीन ली जाती. काले कानून तो वापस हो गए हैं, लेकिन हमें सावधान भी रहना पड़ेगा. अगर वे फिर से सत्ता में आ गए तो कोई ना कोई ऐसा कानून ले आएंगे जिससे किसानों और आदिवासियों की जमीन कब्जा कर ली जाएगी. हमें सावधान रहकर इनसे मुकाबला करना है.” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने केन्द्र में अपने 10 साल के शासनकाल में किसानों को कोई फायदा नहीं पहुंचाया है.

यादव ने कहा, “सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था लेकिन ऐसा नहीं हुआ. ना वह समय पर पानी दे पाए, ना खाद दे पाए और ना ही कीटनाशक दवाएं दे पाए. किसानों के सामने महंगाई की वजह से संकट पैदा हो गया है.” पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ”किसी ने नहीं सोचा होगा कि भाजपा लगातार महंगाई बढ़ा देगी. आज हमारा गरीब और गरीब होता जा रहा है और अमीर और भी ज्यादा अमीर होता चला जा रहा है. जब प्रधानमंत्री से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि क्या हम गरीबों को अमीर बना दें?.”

सपा नेता ने कहा, “सोचिए, देश के प्रधानमंत्री अगर यह सोचते हों कि गरीब अमीर क्यों बन जाएगा तो हम आपसे कहना चाहते हैं कि समाजवादी पार्टी और ‘इंडिया’ गठबंधन ने तय किया है कि जब चार जून को ‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार बनेगी तो हमारे सभी गरीब किसान भाइयों का पूरा कर्ज माफ होगा.” यादव ने भाजपा पर ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग का डर दिखाकर बड़े-बड़े उद्योगपतियों से चंदा वसूलने का आरोप लगाते हुए कहा, ” भाजपा के लोग चुनावी बॉण्ड मामले पर बात नहीं करना चाहते हैं. भाजपा के इस भ्रष्टाचार की वजह से देश को महंगाई का भी सामना करना पड़ रहा है.”

उन्होंने कहा, ”इस बार सोनभद्र के लोग इतिहास बनाने जा रहे हैं. आपको सातवें और आखिरी चरण में वोट डालना है. अब हमारे आपके संकट के दिन खत्म होने जा रहे हैं. संकट के दिनों का केवल एक हफ्ता बचा है. चार जून को परिवर्तन का परिणाम आने वाला है.” यादव ने कहा, ”भारतीय जनता पार्टी ने संविधान को भी खतरा पैदा कर दिया है. यह संविधान को भी बदलना चाहते हैं, इसलिए मैं आप सबसे निवेदन करना चाहता हूं जहां यह हमारे आपके भविष्य का चुनाव है, वहीं यह चुनाव संविधान बचाने का भी है.” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने परीक्षाओं के पेपर लीक कराये हैं ताकि नौजवानों को नौकरी ना देनी पड़े.

सपा प्रमुख ने कहा, “भाजपा ने अगर रिकॉर्ड बनाया है नौकरी न देने का तो ‘इंडिया’ गठबंधन भी रिकॉर्ड बनाएगा अपने नौजवानों को नौकरी देने का. जहां इन्होंने रिकॉर्ड बना लिया नौकरी छीनने का तो हम लोग नौकरी देने का रिकॉर्ड बनाएंगे. हम 30 लाख खाली पड़े सरकारी पदों को भरेंगे. हम अग्निवीर योजना की आधी अधूरी नौकरी को खत्म करके पक्की नौकरी देंगे.” यादव ने कहा, ”इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी तो हम गरीब माता-बहनों के खाते में हर साल एक लाख रुपये पहुंचाएंगे. केजी से लेकर पीजी तक की पढ़ाई के लिए उन्हें कोई पैसा नहीं देना होगा. पूरी पढ़ाई मुफ्त होगी.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu