ओडिशा के गंजाम जिले में अवैध गुटखा विनिर्माण इकाई का भंडाफोड़…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 30 Sep 2023 04:20 PM
ओडिशा के गंजाम जिले में अवैध गुटखा विनिर्माण इकाई का भंडाफोड़…
ऑडियो सुनें

बेहरामपुर: ओडिशा के गंजाम जिले के गोलंथरा पुलिस थानाक्षेत्र अंतर्गत तुलसी बिहार-रलाब मार्ग पर पुलिस ने एक अवैध गुटखा निर्माण इकाई का भंडाफोड़ किया है। यह जानकारी पुलिस ने शनिवार को दी। पुलिस ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को एक मकान पर छापा मारा गया जहां अवैध तरीके से गुटखे का निर्माण किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार छापे के दौरान भंडार किए गए गुटखे के अलावा भारी मात्रा में कच्चा माल भी जब्त किया गया। पुलिस ने बताया कि इस सिलसिले में तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान निरंजन प्रधान (27), रामचंद्र दास (40) और के श्रीरामुलु रेड्डी (43) के रूप में की गई है। पुलिस ने बताया कि अवैध गतिविधियों में शामिल अन्य लोगों को भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

बेहरामपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सरवन विवेक एम. ने कहा कि तैयार उत्पाद, कच्चा माल, गुटखा तैयार करने की मशीनरी, पैंिकग मशीन, खाली पाउच और लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के अन्य आपत्तिजनक सामग्री मौके से जब्त की गई।

उन्होंने कहा कि यह इकाई पिछले तीन महीने से इलाके में किराए के मकान से संचालित की जा रही थी। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम-2006, सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (सीओटीपीए)-2003 और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

ओडिशा सरकार ने तीन जनवरी, 2013 से तंबाकू और निकोटीन युक्त गुटखा और पान मसाला के निर्माण, बिक्री, भंडारण और वितरण पर प्रतिबंध लगा दिया है, चाहे वह किसी भी नाम से बाजार में उपलब्ध हो।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav