गिरफ्तारी के बाद इमरान खान की करीबी सहयोगी शिरीन मजारी ने पार्टी, सक्रिय राजनीति छोड़ी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 23 May 2023 10:11 PM
गिरफ्तारी के बाद इमरान खान की करीबी सहयोगी शिरीन मजारी ने पार्टी, सक्रिय राजनीति छोड़ी
ऑडियो सुनें

इस्लामाबाद. पाकिस्तान की पूर्व मानवाधिकार मंत्री और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की करीबी रहीं शिरीन मजारी ने हालिया हिंसा को लेकर उनकी गिरफ्तारी के बाद मंगलवार को पार्टी छोड़ने और सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा की. मजारी (72) को 12 मई के बाद से चार बार गिरफ्तार किया जा चुका है और रिहा होने के बाद उन्होंने यह घोषणा की. पुलिस ने 12 मई को उन्हें उनके आवास से पकड़कर जेल भेजा था. खान के शासन में वह 2018 से 2022 तक मानवाधिकार मंत्री रही थीं.

यहां संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने नौ मई को खान की गिरफ्तारी के बाद हुई हिंसा की निंदा की और कहा कि उन्होंने इस्लामाबाद उच्च न्यायालय में ऐसा ही हलफनामा दिया है. उन्होंने कहा, ”न सिर्फ नौ और 10 मई की हिंसा बल्कि मैंने हमेशा हर तरह की हिंसा खासकर सरकारी प्रतिष्ठानों और जनरल मुख्यालय, उच्चतम न्यायालय एवं संसद जैसे प्रतीकों के खिलाफ हिंसा की निंदा की है.” उन्होंने इसके बाद खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी को छोड़ने के साथ सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा की और कहा कि गिरफ्तारी का उनके स्वास्थ्य और परिवार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है.

उन्होंने कहा, ”आज से मैं पीटीआई का हिस्सा नहीं हूं, न ही सक्रिय राजनीति में शामिल हूं क्योंकि मेरे लिए प्राथमिकता मेरा परिवार, मेरी माता और बच्चे हैं.” कानूनी प्रक्रियाओं का सामना कर रहे कई पीटीआई नेता पार्टी छोड़ चुके हैं. खान से अलग होने के मजारी के फैसले को पार्टी के लिए बड़ा राजनीतिक नुकसान माना जा रहा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu