छत्तीसगढ़ में भी 18 वर्ष से अधिक के सभी लोगों को 15 जुलाई से निःशुल्क प्रिकॉशन डोज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 14 Jul 2022 09:03 PM
छत्तीसगढ़ में भी 18 वर्ष से अधिक के सभी लोगों को 15 जुलाई से निःशुल्क प्रिकॉशन डोज
ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ में भी कोरोना से बचाव के लिए 18 वर्ष से अधिक के सभी लोगों को 15 जुलाई से निःशुल्क प्रिकॉशन/बूस्टर डोज लगाया जाएगा. इस आयु वर्ग के ऐसे लोग जिन्हें कोविड वैक्सीन का दूसरा टीका लगाए 6 माह या 26 सप्ताह पूर्ण हो चुके हैं, उन्हें सभी शासकीय कोविड टीकाकरण केन्द्रों पर पर प्रिकॉशन/बूस्टर डोज लगाया जाएगा. कोविड वैक्सीनेशन अमृत महोत्सव अभियान के अंतर्गत प्रदेश भर में करीब एक करोड़ 70 लाख लोगों को प्रिकॉशन/बूस्टर डोज लगाया जाएगा. इसके लिए सभी पात्र व्यक्ति 14 जुलाई से कोविन एप पर अपना पंजीयन करा सकते हैं.

कोरोना टीकाकरण के राज्य नोडल अधिकारी एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संचालक श्री भोसकर विलास संदिपान ने बताया कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए राज्य में 18 वर्ष से अधिक के सभी पात्र लोगों को निःशुल्क प्रिकॉशन/बूस्टर डोज लगाने की तैयारी पूरी कर ली गई है. सभी जिलों के टीकाकरण अधिकारियों का उन्मुखीकरण के साथ माइक्रोप्लानिंग कर टीकाकरण करने कहा गया है.

प्रदेश के सभी शासकीय कोविड टीकाकरण केंद्रों पर 18 वर्ष से 59 वर्ष तक के लोगों को पहली और दूसरी खुराक की ही तरह प्रिकॉशन/बूस्टर डोज भी निःशुल्क लगाया जाएगा. श्री भोसकर ने बताया कि इसके लिए प्रदेश में अभी पर्याप्त मात्रा में टीके उपलब्ध हैं. आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर यह विशेष टीकाकरण अभियान 15 जुलाई से 30 सितंबर 2022 तक 75 दिनों तक चलेगा. पहले और दूसरे डोज के रूप में जो टीका लगाया गया है, प्रिकॉशन/बूस्टर डोज के रूप में भी वही टीका लगाया जाएगा.

राज्य में वर्तमान में 60 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों, स्वास्थ्य कर्मियों और फ्रंटलाइन वर्कर्स को ही प्रिकॉशन/बूस्टर डोज निःशुल्क लगाया जा रहा था. कोविड वैक्सीनेशन अमृत महोत्सव अभियान के अंतर्गत अब प्रदेश के करीब एक करोड़ 70 लाख लोगों का टीकाकरण किया जाएगा. प्रदेश में अब तक आठ लाख 52 हजार 381 लोगों को प्रिकॉशन/बूस्टर डोज दी जा चुकी है.

 

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu