केरल में तेज रफ्तार रेलगाड़ी से जान बचाने के लिए पटरी पर लेट गया व्यक्ति

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 24 Dec 2024 08:03 PM
केरल में तेज रफ्तार रेलगाड़ी से जान बचाने के लिए पटरी पर लेट गया व्यक्ति
ऑडियो सुनें

कन्नूर. केरल के कन्नूर जिले का एक अचंभित कर देने वाला वीडियो सामने आया है जिसमें एक व्यक्ति को तेज रफ्तार रेलगाड़ी से बचाव के लिए पटरी पर लेट कर जान बचाते हुए देखा जा सकता है. सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में देखा जा सकता है कि कन्नूर के निकट यह व्यक्ति पटरी पर लेट जाता है और रेलगाड़ी उसके ऊपर से गुजर जाती है. व्यक्ति पूरी तरह से स्थिर होकर पटरी पर लेटा रहता है और रेलगाड़ी के निकल जाने के बाद उठता है और बिना की नकुसान के वहां से चला जाता है.

यह घटना सोमवार को शाम करीब पांच बजे कन्नूर और चिरक्कल रेलवे स्टेशन के बीच हुई जब मैंगलोर-तिरुवनंतपुरम रेलगाड़ी वहां से गुजरी. सोशल मीडिया पर तेजी से इस घटना का वीडियो प्रसारित होने के बाद रेलवे पुलिस ने व्यक्ति की पहचान ”छोटे कद” वाले पवित्रन (56) के रूप में की है. रेलवे पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पवित्रन का बयान दर्ज कर लिया गया है.

पुलिस के अनुसार, पवित्रन ने दावा किया कि वह फोन पर बात कर रहा था और वह रेलगाड़ी के आने का अंदाजा नहीं लगा पाया. जब उसे खतरे का अहसास हुआ तो वहां से भागने के लिए समय नहीं था ऐसे में उसने पटरी पर लेटने का फैसला किया जिससे वह हादसे को टालने में सफल रहा.

पुलिस अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”वीडियो देखकर हम भी हैरान रह गए. उनका कद छोटा था इसलिए वह सकुशल रहे.” जब इस घटना का वीडियो प्रसारित हुआ तो अफवाह फैलने लगी कि एक शराबी व्यक्ति पटरी पर लेटा हुआ था और बाद में वहां से चला गया. पवित्रन ने स्पष्ट किया, ”मैं नशे में नहीं था. मैं अपनी जान बचाने के लिए पटरी पर लेट गया था.” स्कूल में सफाईकर्मी के तौर पर कार्यरत पवित्रन ने कहा कि इस घटना ने उसे हिलाकर रख दिया है. उसने कहा, ”मैं अभी भी डर से उबर नहीं पाया हूं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu