Ind w vs ENG W Live score: भारत को मिली छठी सफलता, दीप्ति शर्मा ने एमी जोन्स के बाद फ्रेया केम्प को किया आउट

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Sat, 09 Dec 2023 09:36 PM
Ind w vs ENG W Live score: भारत को मिली छठी सफलता, दीप्ति शर्मा ने एमी जोन्स के बाद फ्रेया केम्प को किया आउट
ऑडियो सुनें

भारतीय महिला क्रिकेट टीम इंग्लैंड के खिलाफ तीन टी20 मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में शनिवार को उतरी है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। इंग्लैंड की कप्तान हीथर नाइट ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। टीम इंडिया 16.2 ओवर में 80 रन पर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड को जीत के लिए 81 रन का लक्ष्य मिला है। उसके छह विकेट गिर गए हैं। हीथर नाइट और सोफी एक्लेस्टोन क्रीज पर हैं।

रेणुका ठाकुर ने तीसरे ओवर में दो विकेट लिए। उन्होंने तीसरी गेंद पर सोफिया डंकले और छठी गेंद पर डेनियल वायट को आउट किया। डंकले ने 13 गेंद पर नौ रन बनाए। वायट खाता नहीं खोल सकीं। पूजा वस्त्राकर ने नताली सीवर ब्रंट (16 रन) को आउट किया। एलिस कैप्सी 25 रन बनाकर सायका इशाक की गेंद पर आउट हुईं। एमी जोन्स (पांच रन) और फ्रेया केम्प (शून्य) को दीप्ति शर्मा ने आउट किया। इससे पहले भारत के लिए जेमिमा रोड्रिग्ज ने सबसे ज्यादा 30 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए चार्ली डीन, लॉरेन बेल, सोफी एक्लेस्टोन और सारा ग्लेन ने दो-दो विकेट लिए।

नहीं चले भारत के ओपनर बल्लेबाज
भारत को मैच में पहला झटका पहले ओवर में ही लगा। चार्लोट डीन ने दूसरी गेंद पर शेफाली को एलबीडब्ल्यू कर दिया। शेफाली खाता भी नहीं खोल पाईं। भारत को दूसरा झटका स्मृति मंधाना के रूप में लगा। वह चौथे ओवर की दूसरी गेंद पर आउट हो गईं। मंधाना को चार्लोट डीन ने एलबीडब्ल्यू कर दिया। उन्होंने नौ गेंद पर 10 रन बनाए।

भारत का मध्यक्रम भी हुआ फेल
ओपनर बल्लेबाजों के बाद भारत का मध्यक्रम भी फेल हो गया। कप्तान हरमनप्रीत कौर पांचवें ओवर की पांचवीं गेंद पर नताली सीवर ब्रंट का शिकार बनीं। हरमनप्रीत ने सात गेंद पर नौ रन बनाए। दीप्ति शर्मा खाता नहीं खोल पाईं। वह छठे ओवर की दूसरी गेंद पर आउट हो गईं। लॉरेन बेल की गेंद पर एमी जोन्स ने उनका कैच लिया। सातवें ओवर की चौथी गेंद पर ऋचा घोष पवेलियन लौट गईं। ऋचा ने सोफी एक्लेस्टोन की गेंद पर उनको ही कैच थमा दिया। ऋचा ने पांच गेंद पर चार रन बनाए।

पूजा और श्रेयंका का भी नहीं चला बल्ला
पूजा वस्त्राकर 10वें ओवर की चौथी गेंद पर आउट हो गईं। उन्होंने 13 गेंद पर छह रन बनाए। पूजा को सारा ग्लेन ने क्लीन बोल्ड कर दिया। श्रेयंका पाटिल भी बड़ी पारी नहीं खेल पाईं। वह 12वें ओवर की आखिरी गेंद पर आउट हो गईं। श्रेयंका को फ्रेया केम्प ने एमी जोन्स के हाथों कैच कराया। उन्होंने छह गेंद पर चार रन बनाए। श्रेयंका के बाद जेमिमा रोड्रिग्ज भी आउट हो गईं। उन्होंने 33 गेंद पर 30 रन बनाए। जेमिमा ने अपनी पारी में दो चौके लगाए। उन्हें 13वें ओवर की पांचवीं गेंद पर सारा ग्लेन ने एलबीडब्ल्यू कर दिया। तितास साधू दो रन बनाकर लॉरेन गेंद की पर आउट हो गईं। साइका इशाक आठ रन बनाकर सोफी एक्लेस्टोन की गेंद पर बोल्ड हुईं। रेणुका सिंह ठाकुर दो रन बनाकर नाबाद रहीं।

सीरीज में बराबरी पर भारत की नजर
इंग्लैंड ने इसी मैदान पर बुधवार को पहला मुकाबला जीता था। वह सीरीज में 1-0 से आगे है। टीम इंडिया अगर इस मुकाबले में हारती है तो वह सीरीज गंवा देगी। ऐसे में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम की नजरें वापसी पर हैं।

दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्ज, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, पूजा वस्त्राकर, तितास साधू, रेणुका ठाकुर सिंह, सायका इशाक।

इंग्लैंड: सोफिया डंकले, डेनियल वायट, एलिस कैप्सी, नताली सीवर ब्रंट, हीथर नाइट (कप्तान), एमी जोन्स (विकेटकीपर), फ्रेया केम्प, सोफी एक्लेस्टोन, चार्लोट डीन, सारा ग्लेन, लॉरेन बेल।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news