‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक मंगलवार को, सीट बंटवारे समेत कई मुद्दों पर होगी चर्चा

विपक्षी गठबंधन के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार का फैसला चुनाव के बाद किया जाएगा: ममता

नयी दिल्ली/पटना. विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के घटक दलों के प्रमुख नेताओं की बैठक मंगलवार को यहां होगी, जिसमें अगले लोकसभा चुनाव के लिए सीट के बंटवारे, साझा जनसभाएं करने और नए सिरे से रणनीति बनाने समेत कई मुद्दों पर चर्चा होगी. यह बैठक हाल में संपन्न विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के खराब प्रदर्शन की पृष्ठभूमि में हो रही है. राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा है.

सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में सकारात्मक एजेंडा तय करने, सीट के बंटवारे, नए सिरे से रणनीति बनाने, और साझा जनसभाओं को लेकर मुख्य रूप से चर्चा संभव है. यह बैठक दिल्ली के अशोका होटल में होगी. बैठक से पहले तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार का फैसला 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद किया जाएगा.

यह पूछे जाने पर कि क्या ‘इंडिया’ गठबंधन सीट-बंटवारे जैसे मुद्दों पर कदम उठाने में देर कर रहा है, इस सवाल पर ममता बनर्जी ने कहा, ”देर आए, दुरुस्त आए.” टीएमसी प्रमुख ने कहा कि वह गठबंधन सहयोगियों के लिए देश भर में प्रचार करने के लिए तैयार हैं. उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ भी बैठक की और देश की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा की.

बिहार के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने यहां संवाददाताओं से कहा कि पहले गठबंधन की जो समितियां बनाई गई थीं, वे पर्दे के पीछे काम कर रही थीं और चुनाव की तैयारी की जा रही थी. यादव ने कहा कि विपक्षी समूह में हर कोई अपनी भूमिका निभाएगा. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि क्षेत्रीय दल बहुत मजबूत हैं.

राजद नेता ने कहा, ”जहां भी क्षेत्रीय पार्टियां हैं, वहां भाजपा कहीं नजर नहीं आती. ज्यादातर क्षेत्रीय पार्टियां ‘इंडिया’ गठबंधन के साथ हैं.” बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ‘इंडिया’ गठबंधन में आगे की भूमिका के बारे में पूछे जाने पर यादव ने कहा कि सभी की भूमिका एक समान है और सभी का उद्देश्य एक ही है जो विभाजनकारी ताकतों को सत्ता से बाहर करना है.

जनता दल (यू) के शीर्ष नेता नीतीश कुमार और शिवसेना (यूबीटी) सुप्रीमो उद्धव ठाकरे बैठक के लिए सोमवार शाम को राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे. कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मुकाबला करने के लिए विपक्षी दलों का इरादा एकजुटता बनाए रखते हुए ”मैं नहीं, हम” नारे के साथ आगे बढ़ने का है.

उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों के समक्ष अब चुनौती अगले आम चुनाव में भाजपा का मुकाबला करने के लिए वैकल्पिक सकारात्मक एजेंडे के साथ सामने आने की है. सूत्रों का कहना है कि ‘इंडिया’ गठबंधन जाति आधारित गणना, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी और श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा के मुद्दों को आगे बढ़ा सकता है.

अगले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का मुकाबला करने के लिए 26 विपक्षी दलों ने ‘इंडिया’ गठबंधन बनाया है. ‘इंडिया’ गठबंधन की अब तक तीन बैठक पटना, बेंगलुरु और मुंबई में हो चुकी हैं.

विपक्षी गठबंधन के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार का फैसला चुनाव के बाद किया जाएगा: ममता

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार का फैसला 2024 के आम चुनावों के बाद किया जाएगा. उन्होंने विश्वास जताया कि विपक्षी गठबंधन सीट बंटवारे सहित सभी मुद्दों को सुलझा लेगा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराएगा.

बनर्जी ने उन दावों को भी खारिज कर दिया कि गठबंधन ने चीजों को व्यवस्थित करने में समय गंवा दिया है. उन्होंने कहा, ”देर आए दुरुस्त आए.” उन्होंने विश्वास जताया कि पश्चिम बंगाल में उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी), कांग्रेस और वाम दलों के बीच त्रिपक्षीय गठबंधन संभव है.

खासकर हिंदी पट्टी में भाजपा के बढ.ते प्रभाव पर एक सवाल के जवाब में बनर्जी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ”भाजपा मजबूत नहीं है, हम कमजोर हैं. हमें इससे निपटने के लिए मिलकर काम करने की जरूरत है.” उन्होंने यह भी कहा कि वह हिंदी पट्टी और अन्य क्षेत्रों के बीच भेदभाव नहीं करतीं.

लोकसभा और राज्यसभा में विपक्षी सदस्यों के निलंबन पर बनर्जी ने कहा कि इससे पता चलता है कि भाजपा डरी हुई है. मुख्यमंत्री ने कहा, ”क्या आपको लगता है कि दो राज्य जीतने की वजह से वे (भाजपा) इतने अहंकारी हो गए हैं…वे डरे हुए हैं इसलिए उन्होंने निलंबित कर दिया.” उन्होंने कहा, ”इतने बहुमत के साथ भी, वे डरे हुए हैं…लोगों की आवाज दबा दी गई है. वे पूरे सदन को निलंबित कर सकते हैं. उनके पास सदन चलाने का कोई नैतिक आधार नहीं है…यह लोकतंत्र का मजाक है.”

टीएमसी प्रमुख ने लोकसभा से निष्कासित की गईं पार्टी की नेता महुआ मोइत्रा को उनका पूरा समर्थन है. उन्होंने कहा कि पार्टी का संसदीय दल उनकी (महुआ की) कृष्णानगर सीट पर फैसला करेगा. प्रधानमंत्री मोदी को तीसरा कार्यकाल मिलेगा, भाजपा के इस दावे पर टीएमसी प्रमुख बनर्जी ने कहा कि 2024 का अभी कुछ तय नहीं है.

‘इंडिया’ गठबंधन प्रधानमंत्री मोदी को सत्ता से बाहर कर देगा- लालू

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने सोमवार को कहा कि विपक्षी दलों का गठबंधन ‘इंडिया’ अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सत्ता से बाहर कर देगा. गठबंधन की मंगलवार को दिल्ली में होने वाली बैठक में शिरकत करने के लिए राष्ट्रीय राजधानी जाने के वास्ते अपने बेटे और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के साथ पटना हवाईअड्डे पहुंचे प्रसाद ने पत्रकारों से कहा कि गठबंधन की बैठक में सहयोगी एक साथ बैठेंगे और 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए रणनीति तैयार करेंगे.

मोदी के फिर से सत्ता में लौटने के भाजपा के दावे को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रसाद ने नाराजगी भरे लहजे में कहा, “रोज यही बात पूछते हैं. क्या है नरेन्द्र मोदी? आएंगे तो आएं.” उन्होंने कहा, ह्ल’इंडिया’ गठबंधन की बैठक है . हम लोग जा रहे हैं . मिलकर लड़ेंगे और इनको हटाएंगे .” वह ‘मोदी की गारंटी’ वाक्य पर टिप्पणी कर रहे थे.

इस बीच, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने प्रसाद के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, “लालू जी मजाक कर रहे हैं. उन्हें गिनती याद आ गई होगी कि उन्होंने कितनी बार चुनावी हार का स्वाद चखा है. बिहार में उन्हें अपराधियों को संरक्षण देने वाले के तौर पर और भ्रष्टाचार के लिए याद किया जाता है और इसी वजह से उन्हें चारा घोटाला मामलों में दोषी ठहराया गया है.”

उन्होंने आरोप लगाया, ह्लराजद वर्तमान में वैध तरीकों से नहीं, बल्कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विश्वासघात के कारण सत्ता में है. जद (यू) और राजद दोनों को बिहार के लोग दंडित करेंगे.” चौधरी ने कहा कि कुमार की पार्टी जद (यू) ने भाजपा के साथ मिलकर पिछला विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्होंने जनादेश को धोखा दिया.

Related Articles

Back to top button