छेत्री की हैट्रिक से भारत ने पाकिस्तान को 4-0 से हराया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 21 Jun 2023 10:35 PM
छेत्री की हैट्रिक से भारत ने पाकिस्तान को 4-0 से हराया
ऑडियो सुनें

बेंगलुरू. सुनील छेत्री की हैट्रिक की मदद से भारत ने सैफ फुटबॉल चैम्पियनशिप में बुधवार को अपने पहले मैच में पाकिस्तान को 4 . 0 से हराया . इसके साथ ही छेत्री अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में सर्वाधिक गोल करने वाले दूसरे एशियाई खिलाड़ी बन गए . ईरान के अल देइ के 149 मैचों में 109 गोल हैं जबकि छेत्री के अब 90 गोल हो गए हैं . भारत ने मैच की शुरूआत से ही अपना फॉर्म और अनुभव दिखाना शुरू कर दिया था . वर्षा से प्रभावित मैच में पाकिस्तानी टीम भारत के सामने कहीं ठहर ही नहीं रही थी . छेत्री ने रविवार को भुवनेश्वर में लेबनान के खिलाफ इंटर कांटिनेंटल कप फाइनल में शानदार प्रदर्शन के बाद अपने घरेलू मैदान पर भी बेहतरीन खेल दिखाया .

भारत ने दसवें मिनट में छेत्री के फील्ड गोल के दम पर बढत बनाई . छह मिनट बाद छेत्री ने पेनल्टी पर गोल करके बढत दुगुनी कर दी  पहले हाफ में भारत के और भी गोल होते लेकिन पाकिस्तानी डिफेंस मुस्तैद हो गया था और भारत ने भी कुछ मौके गंवाये. भारत ने पहले हाफ में बढत जरूर बनाई लेकिन पाकिस्तानी खिलाड़ी को थ्रो इन से रोकने के गैर जरूरी प्रयास में कोच इगोर स्टिमक को लालकार्ड दिखाया गया और उन्हें डगआउट छोड़कर जाना पड़ा .

इसके बावजूद भारत ने दूसरे हाफ में लय नहीं खोई . भारत ने 74वें मिनट में तीसरा गोल किया और इस बार भी गोल करने वाले भारतीय कप्तान छेत्री ही थे . उदांता सिंह ने 81वें मिनट में एक और गोल करके पाकिस्तान की सारी उम्मीदें तोड़ दी. छेत्री ने मैच के बाद कहा ,” इस शुरूआत से खुश हूं . इस तरह के हालात में मैच आसान नहीं होते . मुझे खुशी है कि दर्शक मैच देखने आये .’ श्री कांतीर्वा स्टेडियम पर मैच देखने के लिये 22860 दर्शक जमा थे जो बारिश के बीच भी टीम की हौसलाअफजाई करते रहे. भारत का सामना अब शनिवार को नेपाल से होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu