भारत ने जिंबाब्वे को 42 रन से हराया, श्रृंखला 4-1 से जीती

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 14 Jul 2024 08:37 PM
भारत ने जिंबाब्वे को 42 रन से हराया, श्रृंखला 4-1 से जीती
ऑडियो सुनें

हरारे. संजू सैमसन के अर्धशतक के बाद मुकेश कुमार की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से भारत ने रविवार को यहां जिंबाब्वे को पांचवें और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में 42 रन से हराकर लगातार चौथी जीत के साथ श्रृंखला 4-1 से अपने नाम की.
भारत के 168 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जिंबाब्वे की टीम मुकेश (22 रन पर चार विकेट) के करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के सामने 18.3 ओवर में 125 रन पर सिमट गई. शिवम दुबे (25 रन पर दो विकेट) ने किफायती गेंदबाजी करते हुए दो विकेट चटकाए जबकि वाशिंगटन सुंदर (सात रन पर एक विकेट), अभिषेक शर्मा (20 रन पर एक विकेट) और तुषार देशपांडे (25 रन पर एक विकेट) को एक-एक विकेट मिला.

जिंबाब्वे की ओर से डियोन मायर्स ने सर्वाधिक 34 रन बनाए जबकि सलामी बल्लेबाज ताडिवनाशे मरूमानी और फराज अकरम ने 27-27 रन का योगदान दिया. सैमसन ने इससे पहले 45 गेंद में चार छक्कों और एक चौके से 58 रन की पारी खेलने के अलावा रियान पराग (22) के साथ चौथे विकेट के लिए 65 रन जोड़े जिससे भारत ने छह विकेट पर 167 रन का स्कोर खड़ा किया. दुबे ने अंत में 12 गेंद में दो छक्कों और दो चौकों से 26 रन की तेजतर्रार पारी खेली.

जिंबाब्वे की ओर से ब्लेसिंग मुजरबानी सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 19 रन देकर दो विकेट चटकाए. लक्ष्य का पीछा करने उतरे जिंबाब्वे की शुरुआत खराब रही. वेस्ली माधेवेरे (00) मुकेश की पारी की तीसरी ही गेंद को विकेटों पर खेल गए. ब्रायन बेनेट (10) ने देशपांडे का स्वागत लगातार दो चौकों के साथ किया लेकिन मुकेश के अगले ओवर में डीप बैडवर्ड प्वाइंट पर दुबे को आसान कैच दे बैठे.

सलामी बल्लेबाज मरूमानी ने मुकेश पर लगातार दो चौके जड़े. बाएं हाथ का यह बल्लेबाज अगली गेंद पर बोल्ड हो गया लेकिन वह नोबॉल हो गई. मरूमानी ने रवि बिश्नोई पर दो चौके मारे जबकि इसी ओवर में मायर्स ने भी गेंद को बाउंड्री के दर्शन कराए. जिंबाब्वे ने पावर प्ले में दो विकेट पर 47 रन बनाए. सुंदर ने मरूमानी को पगबाधा करके जिंबाब्वे को तीसरा झटका दिया.

मायर्स ने बाएं हाथ के स्पिनर अभिषेक पर छक्का और चौका मारा लेकिन दुबे की गेंद पर शॉर्ट थर्ड मैन पर अभिषेक को ही आसान कैच दे बैठे. कप्तान सिकंदर रजा (08) 14वें ओवर में दुबे के सटीक निशाने पर रन आउट हुए. दुबे ने जॉनाथन कैंपबेल (04) को स्क्वायर लेग बाउंड्री पर देशपांडे के हाथों कैच कराया. जिंबाब्वे को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 74 रन की दरकार थी. अभिषेक ने क्लाइव मेडेंडे (01) को विकेटकीपर सैमसन के हाथों कैच कराके जिंबाब्वे को सातवां झटका दिया. मेजबान टीम के रनों का शतक 17वें ओवर में पूरा हुआ.

फराज अकरम ने दुबे पर छक्का जड़ने के बाद देशपांडे की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा. देशपांडे ने इस बीच ब्रेंडन मावुता (04) को अपनी ही गेंद पर लपका. मुकेश ने अकरम को सैमसन के हाथों कैच कराया और फिर रिचर्ड नगारवा (00) को बोल्ड करके भारत की जीत सुनिश्चित की. इससे पहले जिंबाब्वे के लिए नगारवा (29 रन पर एक विकेट), रजा (37 रन पर एक विकेट) और मावुता (39 रन पर एक विकेट) ने भी एक-एक विकेट चटकाया.

रजा ने भारत को बल्लेबाजी का न्योता दिया. रजा ने पहली ही गेंद नोबॉल फेंकी जिस पर यशस्वी जायसवाल (12) ने छक्का जड़ने के बाद फ्री हिट को भी दर्शकों के बीच पहुंचाया. वह हालांकि पारी की चौथी ही गेंद पर बोल्ड हो गए. अभिषेक (14) ने अकरम पर छक्का मारा जबकि कप्तान शुभमन गिल (13) ने भी इस तेज गेंदबाज पर लगातार दो चौके जड़े. मुजरबानी की गेंद पर ब्रायन बेनेट ने प्वाइंट पर अभिषेक का कैच टपकाया लेकिन बाएं हाथ का यह बल्लेबाज दो गेंद बाद विकेटकीपर क्लाइव मेडेंडे को कैच दे बैठा.

नगारवा की गेंद पर कैंपबेल ने थर्ड मैन पर गिल का मुश्किल कैच टपकाया लेकिन भारतीय कप्तान ने इस ओवर में रजा को कैच थमा दिया. भारत ने पावर प्ले में तीन विकेट पर 44 रन बनाए. सैमसन और पराग ने इसके बाद पारी को आगे बढ़ाया. सैमसन ने रजा पर छक्का जड़ा. पराग ने मावुता पर 107 मीटर का अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला छक्का मारा. सैमसन ने भी मावुता पर लगातार दो छक्के जड़े. भारत के रनों का शतक 13वें ओवर में पूरा हुआ.

पराग इसके बाद मावुता की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में लॉन्ग ऑफ पर नगारवा को आसान कैच दे बैठे. दुबे ने आते ही मावुता पर छक्का जड़ा. सैमसन ने नगारवा पर छक्का जड़ने के बाद रजा की गेंद पर दो रन के साथ 39 गेंद में अर्धशतक पूरा किया.
सैमसन हालांकि अर्धशतक पूरा करने के बाद मुजरबानी की गेंद पर मरूमानी को कैच दे बैठे. दुबे ने 19वें ओवर में नगारवा की लगातार गेंदों पर दो चौके और एक छक्का मारा. वह अंतिम ओवर में रन आउट हुए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu