नाबालिग लड़की का अपहरण-हत्या मामला: मुख्य आरोपी को बुलढाणा से ठाणे लाया गया, जल्द अदालत में किया जाएगा पेश

महाराष्ट्र में एक 12 वर्षीय बच्ची के अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को बुलढाणा से गिरफ्तार कर गुरुवार सुबह ठाणे लेकर आई। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी विशाल गवली के अलावा, उसकी पत्नी और एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है। बता दें कि सोमवार को नाबालिग लड़की को उसके घर के बाहर से अपहरण किया गया था। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे भिवंडी के पास बापगांव में एक कब्रिस्तान की दीवार के पास शव मिला। हत्या के पीछे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।

अपराध शाखा के एक अधिकारी ने बताया कि विशाल गवली को बुधवार को बुलढाणा के शेगांव से गिरफ्तार किया गया था। उसे गुरुवार की सुबह ठाणे लाया गया। उन्होंने कहा कि औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे ठाणे शहर में पुलिस हवालात में रखा गया है। बाद में उसे कल्याण की एक अदालत में पेश किया जाएगा।

पहचान छिपाने की कर रहा था कोशिश
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने विशाल को तब पकड़ा जब वह अपनी पहचान छिपाने के लिए दाढ़ी बनवाकर एक सैलून से बाहर निकला। बुलढाणा में उसकी मेडिकल जांच कराई गई और फिर उसे ठाणे लाया गया। पुलिस अब तक आरोपियों के रिश्तेदारों और मित्रों समेत 10 लोगों से पूछताछ कर चुकी है, लेकिन हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं पाया। इससे पहले एक पुलिस अधिकारी ने कहा था कि वे पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं और अगर रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि होती है तो इस मामले में अन्य कानूनी धाराएं जोड़ी जाएंगी। मुख्य आरोपी विशाल गवली की पत्नी साक्षी को बुधवार को स्थानीय मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जिसके बाद उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

बता दें कि लापता होने के बाद कई घंटों तक लड़की को ढूंढने के बाद उसके परिवार वालों ने पुलिस में उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137 के तहत मामला दर्ज कर जांच में जुट गई। शव मिलने के बाद इस मामले में बीएनएस की धारा 103(1) (हत्या) को जोड़ा गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button